फेसबुक पर भारत-पाकिस्तान की घुइयां छीलने वालों के लिए एक बड़ी कर्री खबर आई है. अगर सलमान खान से फुर्सत मिल गई हो, तो पढ़ लो. कांखें खुल जाएंगी. यूपी के बड़के नेता हैं आजम खान. बड़के इसलिए लिखे हैं, क्योंकि जिस आदमी की भैंसें पुलिसवाले ढूंढ़ें उसे यूपी में बड़का ही कहिते हैं. तो चचा आजम कहे हैं कि बहस का मुद्दा ई होना चाहिए कि भारत और पाकिस्तान के बीच इत्ती नाराजगी आखिर है किस बात की.
भारत-पाकिस्तान पर सबसे अलग हटकर बात आजम खान ने कही है
आजम खान का भी कहीं सलमान खान जैसा हाल न हो जाए

चचा गए रहे रामपुर के सदर अस्पताल में आयुष केंद्र का उद्घाटन करने. आजकल तो टिब्बुल पर बइठे चरसियों से भी सर्जिकल स्ट्राइक पर राय ली जाती है, वो तो फिर भी आजम खान हैं. तो किसी ने उनसे पूछ लिया कि भारत-पाकिस्तान के बारे में वो क्या महसूसते हैं.
तो आजम बोले, 'हिंदुस्तान महान था. पाकिस्तान भी इसका हिस्सा था और बांग्लादेश भी. ये एक खून हैं, एक नस्ल है, एक मिजाज है. सोचने का अंदाज भी एक ही है. फिर भाइयों में इतना बंटवारा क्यों है. एक भाई दूसरे भाई से इतना नाराज क्यों है? इस पर कभी बात नहीं हुई. इस पर बात होनी चाहिए.' लेकिन गुरू, बाहर माहौल इत्ता खराब है कि अपनी बात कहने के बाद आजम ये कहने से नहीं चूके कि उनकी बात को अन्यथा न लिया जाए.
एक-दो और सवाल दागे गए तो आजम ने ज्ञानचक्षु खोल देने वाली बात दे मारी. कहे, 'किसी भी जंग का फैसला मैदान-ए-जंग में नहीं होता. दुनिया ने दो वर्ल्ड वॉर देखे हैं, लेकिन कोई समझौता नहीं हुआ. कौन जीता, कौन हारा, ये अलग बात है. पर तीसरा वर्ल्ड वॉर भी हो जाए तब भी कोई फैसला नहीं निकलेगा.' जब पूछा गया कि बात कैसे बनेगी तो आजम बोले, 'जब किसी बंद कमरे में गोलमेज पर बैठकर कुछ लोग शांति का प्लान तैयार करेंगे.'
फिर जब आजम देखे कि बातों की जलेबी छनती ही जा रही है तो खुद भी एक सवाल चेंप दिए. पूछे, 'हिटलर ने यहूदी नस्ल मिटाने की कसम खाई थी. ऐसा हो पाया क्या?' फिर इस्राइल की तारीफ भी किए. कहे, 'दुनिया के नक्शे पर बिंदी से भी छोटा देश है एक: इस्राइल. आज अमेरिका की पॉलिसी चलाता है. पूरी दुनिया की इकनॉमिक पॉलिसी वहां से ड्राफ्ट होती है. तरक्की की तमाम स्कीम और साइंस का विकास भी इस्राइल से निकलता है.'
चचा आजम अपनी बात तो रख दिए हैं, लेकिन अब देखना ये है कि कोई नाराज होकर उनकी भैंस न खोल ले जाए. सलमान खान का हाल तो याद ही होगा.
हमारे आशुतोष चचा की आजम खान से सिर्री बात की थी. आपने सुनी? https://www.youtube.com/watch?v=W7zVHViz_Pg
ये भी पढ़ें: बधाई हो! सलमान खान ने सेंसिबल बयान दिया है
बेटे की लॉन्चिंग पर आजम बोले, मैं परिवारवाद की आलोचना करता हूं









