The Lallantop

पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवा विभाग के एडिशनल डायरेक्टर की कोरोना से मौत, पत्नी भी पॉजिटिव

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- बलिदान हमारे दिलों में रहेगा.

Advertisement
post-main-image
मेडिकल फील्ड से जुड़े लोगों में पश्चिम बंगाल में ये पहली मौत है. राज्य में कोरोना से कुल 18 लोगों की मौत हो चुकी है. (सांकेतिक फोटो: India Today)
पश्चिम बंगाल में एक मेडिकल ऑफिसर की कोरोना वायरस के चलते मौत हो गई. डॉक्टर बिप्लब कांति दासगुप्ता कुछ दिनों पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे. वो स्वास्थ्य सेवा विभाग के एडिशनल डायरेक्टर थे. कोलकाता में शनिवार को उनकी तबीयत ज़्यादा बिगड़ी और रविवार, 26 अप्रैल तड़के उनकी मौत हो गई. उनकी पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं. पश्चिम बंगाल में मेडिकल फील्ड से ये पहली मौत है. पश्चिम बंगाल डॉक्टर्स फोरम ने एक नोट जारी कर शोक जताया. नोट में पत्नी की तेजी से रिकवरी की आशा जताई गई है. ममता बनर्जी ने कहा- बलिदान हमारे दिलों में रहेगा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बिप्लब कांति के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट में लिखा,
पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य सेवा विभाग के सहायक निदेशक डॉक्टर बिप्लब कांति दासगुप्ता को आज सुबह हमने खो दिया. उनके निधन से हमें गहरा दु:ख हुआ है. मानवता के लिए उनका बलिदान हमेशा हमारे दिलों में रहेगा. हमारे कोरोना वॉरियर्स और मजबूती से इस महामारी के ख़िलाफ़ लड़ाई लड़ेंगे. मेरी संवेदनाएं दासगुप्ता के परिवारवालों और सहयोगियों के साथ हैं.
संगठन ने सीमित संसाधनों की बात कही वहीं, डॉक्टरों के संगठन ने कहा कि ज़्यादा से ज़्यादा हेल्थकेयर कर्मचारी COVID-19 को लेकर पॉजिटिव पाए जा रहे हैं, जिनमें से कई लोगों को कोई लक्षण नहीं थे. साथ ही फोरम ने हेल्थकेयर वर्कर्स की कमी की बात भी कही है. कहा गया कि सीमित संसाधनों में हम ये अफॉर्ड नहीं कर सकते कि हेल्थकेयर कर्मचारी कम पड़ जाएं. टेस्टिंग, PPE किट्स और ICMR की गाइडलाइंस फॉलो करने की बात भी कही गई है. संगठन ने कहा कि हम राज्य सरकार से अपील करते हैं कि रोज़ एक मेडिकल बुलेटिन जारी करें, जिससे उन हेल्थकेयर्स के बारे में जान सकें, जो क्वारंटीन में हैं और जिनका इलाज चल रहा है. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पश्चिम में अब तक 611 कोरोना के कन्फर्म मामले आ चुके हैं और 18 लोगों की मौत हो चुकी है.
कोलकाता में डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ में फैला कोरोना, अस्पताल बंद होने से हालात और बिगड़े

Advertisement
Advertisement