राजस्थान के एक पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में पुलिसकर्मी के हाथ से खून बह रहा है और वो उसी हाथ से एक युवक को घसीटता ले जा रहा है. आसपास भीड़ लगी है जो ‘चोर’ बताए जा रहे इस युवक को पीटने पर उतारू दिख रही है. कहा गया कि इस पुलिसकर्मी ने हाथ में गोली लगने के बाद भी चोर को पकड़ा. ये भी कहा गया कि खुद को गोली लगने के बावजूद पुलिसकर्मी ने जान की परवाह किए बिन चोर को पकड़ा. अब लोग पुलिसकर्मी की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
पुलिसकर्मी ने 'गोली' लगने के बाद भी बदमाश को पकड़ा, वायरल वीडियो के पीछे की पूरी कहानी पता है?
वीडियो में पुलिसकर्मी के हाथ से खून बह रहा है और वो उसी हाथ से एक युवक को घसीटता ले जा रहा है. आसपास भीड़ लगी है जो चोर बताए जा रहे इस युवक को पीटने पर उतारू दिख रही है.
.webp?width=360)

क्या है मामला?
आजतक से जुड़े विजय चौहान से मिली जानकारी के मुताबिक 26 अप्रैल को सुजानगढ़ में ज्वेलरी की दुकान पर दिनदहाड़े गोली चला दी गई. बताया गया कि तीन लोगों ने ये फायरिंग की थी. उनमें से दो भाग गए, पर एक को आसपास के दुकानदारों और लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
इसी बीच एक पुलिसवाले को भी गोली लग गई. विजय चौहान ने दी लल्लनटॉप को बताया कि ज्वेलरी की दुकान के मालिक पवन सोनी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से दो करोड़ की फिरौती की धमकी आई थी. इसके चलते पवन सोनी ने धमकी देने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी. उनकी मांग पर पुलिस ने उनके आवास और दुकान पर गार्ड भी उपलब्ध करवाया था. घटना में यही पुलिसकर्मी घायल हुआ है. लेकिन उसको गोली नहीं, छर्रा लगा है जिससे उसका हाथ जख्मी हो गया.
विजय के मुताबिक पवन सोनी ने अपनी शिकायत में बताया था कि उन्हें रोहित गोदारा नाम के आदमी ने फोन कर फिरौती की रकम मांगी थी. रोहित गोदारा का नाम गैंगस्टर राजू ठेहट हत्याकांड में भी सामने आया था. इसीलिए पुलिस ने धमकी की गंभीरता को समझते हुए ज्वेलर की दुकान के बाहर भी एक गार्ड तैनात कर दिया था.
रिपोर्टर के मुताबिक रोहित गोदारा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है जिस पर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का आरोप है. रोहित की धमकी के बाद जिन तीन लोगों ने पवन सोनी की ज्वेलरी शॉप पर गोली चलाई, वो बाइक पर सवार थे. दुकान पर गार्ड के रूप में मौजूद कॉन्स्टेबल रमेश चंद्र मीणा ने भी उन पर जवाबी फायरिंग की थी. इस मुठभेड़ में उन्हें गोली का छर्रा लगा.
गोलीबारी में पवन सोनी की दुकान के शीशे चूर-चूर हो गए. हालांकि, कॉन्स्टेबल रमेश और अन्य लोगों की मदद से तीसरे अपराधी को पकड़ लिया गया. वारदात के बाद बाजार समेत पूरे सुजानगढ़ में हड़कंप मच गया. व्यापारियों ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. घटना के मद्देनजर उन्होंने गुरूवार 27 अप्रैल को सुजानगढ़ बाजार बंद रखने का ऐलान किया.
इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्टों में बताया गया कि कॉन्स्टेबल रमेश चंद्र मीणा को बहादुरी दिखाने के लिए गैलेंट्री प्रमोशन देने की घोषणा की गई है. दी लल्लनटॉप इस जानकारी की पुष्टि नहीं करता.
वीडियो: महिला पहलवानों के साथ क्या हुआ बता बृज भूषण शरण सिंह पर परमजीत मलिक ने दावा कर दिया






















