(बाएं) वीर दास के पुराने वीडियो का स्क्रीनशॉट. (दाएं) बसपा सुप्रीमो मायावती. (तस्वीरें- ट्विटर और पीटीआई से साभार)
अपनी “टू इंडियाज़” कविता को लेकर विवाद में घिरे कॉमेडियन वीर दास का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें वो बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को लेकर भद्दे जोक्स करते नज़र आ रहे हैं. देश के सबसे बड़े दलित नेताओं में से एक मायावती के खिलाफ घटिया कॉमेंट करने के चलते वीर दास फिर लोगों के निशाने पर हैं. लोग उन्हें सोशल मीडिया पर घेर रहे हैं. Ritesh J. नाम के एक यूज़र ने वीर दास का ये 47 सेकेंड का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है. इसमें वीर दास कह रहे हैं,
मैं मायावती से नफ़रत इसलिए नहीं करता क्योंकि वो एक मर्द की तरह दिखती हैं. मैं मायावती से नफ़रत इसलिए नहीं करता क्योंकि वो उत्तर प्रदेश के एक्सेंट के साथ एक पेंग्विन की तरह दिखती हैं. बल्कि मैं मायावती से नफ़रत इसलिए करता हूं क्योंकि मैंने मायावती को नोटों की माला के साथ देखा है और इस बात से मैं चिढ़ गया हूं. वो इसलिए क्योंकि मायावती ने क्लीवेज और नोटों को मिलाकर मर्दों की फैंटेसी को सबसे बदसूरत रूप में ढाल दिया.
वीडियो में वीर दास ऑडियंस से कहते हैं कि मायावती को नोटों की माला में देखकर वो चिढ़ गए थे. वे ऑडियंस से भी पूछते हैं-
आपका भी यही हाल हुआ था ना. इस पर कुछ दर्शक हां में जवाब देते हैं.
लोगों ने लगाई क्लास
मायावाती के बारे में वीर दास के इस कॉमेंट पर लोगों ने उनकी क्लास लगाना शुरू कर दिया. वीडियो शेयर करने वाले रितेश ने लिखा,
मैं अपने शब्दों पर कंट्रोल कर रहा हूं. मैं इस आदमी वीर दास को किसी भी कीमत पर जेल में देखना चाहता हूं.
कंचन कुमार नाम के यूज़र लिखते हैं.
सुश्री मायावती जी, कृपया इस वीडियो को संज्ञान में लेकर FIR करने की कृपा प्रदान करें.
वहीं सही राम नाम के एक यूज़र लिखते हैं,
ये वक्तव्य इसकी घटिया परवरिश और सड़ांध भरे जीवन यापन का नतीजा है. मुझे ताज्जुब है कि ये जहरीला नाग कितना विष फैलाकर अब तक जेल में क्यों नहीं है? ये डिफेक्ट जीन की हेरेडिटी (वंश परंपरा) रुकनी चाहिए.
संकुल सोनावने नाम के ट्विटर यूजर ने वीर दास की कविता के अंदाज में ही उन पर तंज कसा. कहा,
मैं उस भारत से आता हूं जहां वीर दास सबसे घटिया अमानवीय, जातिवादी और सेक्सिस्ट जोक्स मायावती पर करते हैं और उन्हें उच्च जाति के लोग एक फ़ेमिनिस्ट आइकॉन की तरह पेश करते हैं.
इस वीडियो के सामने आने के बाद वीर दास और बड़े विवाद में फंस सकते हैं. टू इंडियाज वाली कविता को लेकर उनके खिलाफ पहले ही सरकारी कार्रवाई की शुरुआत हो चुकी है. खबर है कि मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने अपने राज्य में वीर दास के शो करने पर बैन लगाने की बात कही है.