उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा सिविल जज परीक्षा 2022 का रिजल्ट 30 अगस्त (PCS (J)-2022 result) को जारी किया गया है. इस परीक्षा में पांचवा स्थान सुल्तानपुर की जान्हवी वर्मा (Jhanvi Verma) को मिला है. ये उनका पहला प्रयास था. उनके पिता किसान हैं. इससे पहले जान्हवी सहायक अभियोजन अधिकारी के पद पर चयनित हुई थीं. इस परीक्षा में उन्होंने छठा स्थान प्राप्त किया था.
यूपी के किसान की बेटी बनी सिविल जज, पूरे प्रदेश में पांचवा स्थान
यूपी के सुल्तानपुर की जान्हवी वर्मा ने बताया कैसे बनीं अपने गांव की पहली जज


आजतक से जुड़े महेश शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक जान्हवी सुल्तानपुर के रामगंज कस्बे में पली-बढ़ी हैं. उन्होंने जिले के महर्षि विद्या मंदिर योगीवीर से अपनी स्कूलिंग की है. उसके बाद 2020 में उन्होंने LLB के एंट्रेंस एग्जाम में अच्छे अंक लाकर कॉलेज में एडमिशन लिया. अभी वो LLB भी कर रही हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक जान्हवी की मां शीला वर्मा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुपरवाइजर पद से सेवानिवृत्त हुई हैं. आजतक से बातचीत करते हुए जान्हवी की मां ने बताया,
“बचपन से ही मेरी बेटी पढ़ाई में अच्छी थी. बस मुझे इसे पहले बार-बार उठाना पड़ता था. पढ़ने के लिए. ये सोती रहती थी. लेकिन धीरे-धीरे इसकी ये आदत सुधर गई. फिर उसने बहुत पढ़ाई की. हम सब इसके लिए आज बहुत खुश हैं.”
वहीं जान्हवी के बड़े भाई आलोक वर्तमान में बाराबंकी के फतेपुर ब्लॉक में खण्ड विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं. उनका कहना है कि रक्षाबंधन के दिन उनकी बहन ने दुनिया का सबसे अच्छा गिफ्ट दिया है. उन्होंने कहा,
“मेरी बहन की मेहनत रंग लाई. इस साल का रक्षाबंधन हम सभी के लिए बेहद खास रहा. हम सभी उसके लिए बहुत खुश हैं. क्योंकि उसने दिन-रात एक करके पढ़ाई की है.”
जान्हवी के पिता जगदीश वर्मा खेती व किसानी का कार्य करते हैं. किसान के साथ-साथ वह पहले अपने गांव के प्रधान भी रहे हैं.
वहीं, अपनी सफलता पर जान्हवी ने आजतक को बताया कि इसके पीछे उनके माता-पिता की मेहनत है. उनके मुताबिक इस सफलता में उनके भाई का भी बड़ा योगदान है.
मुख्यमंत्री ने दी बधाईमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा सिविल जज परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी है. उन्होंने कहा,
“UPPSC द्वारा आयोजित PCS (J)-2022 की परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई! शुचिता, पारदर्शिता के साथ रिकॉर्ड समय सीमा के अंदर पूर्ण हुई चयन प्रकिया में प्रदेश की बेटियों ने हमारा गौरव बढ़ाया है.”
यूपी के सीएम ने आगे कहा कि इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 55 प्रतिशत बेटियों की सफलता और शीर्ष 20 में 15 स्थान बेटियों द्वारा अर्जित करना 'नए भारत' और 'नए उत्तर प्रदेश' की बुलंद तस्वीर को प्रस्तुत करता है.
ये भी पढ़ें: किसान की बेटी बनेगी डिप्टी एसपी, 58वीं रैंक लाकर कमाल कर दिया!
वीडियो: UPPCS 2021 प्री परीक्षा परिणाम रद्द: PCS इंटरव्यू दे रहे कैंडिडेट्स का क्या होगा?






















