The Lallantop

गर्लफ्रेंड की निजी तस्वीरें एडल्ट साइट पर डालीं, कोर्ट ने 9984 करोड़ रुपये का हर्जाना ठोका!

ब्रेक-अप के बाद महिला के घर के सिक्योरिटी सिस्टम को एक्सेस करके उसकी जासूसी करना शुरू कर दिया था.

Advertisement
post-main-image
अमेरिका में रिवेंज-पॉर्न के मामले नई बात नहीं है. (प्रतीकात्मक फोटो- आजतक)

अमेरिका के टेक्सस प्रांत की एक अदालत ने ‘रिवेंज-पॉर्न’ की शिकार एक महिला के पक्ष में बड़ा फैसला (Texas Revenge Porn Lawsuit verdict USA) सुनाया है. रिवेंज पॉर्न यानी बदला लेने के लिए किसी की निजी तस्वीरें या वीडियो इंटरनेट पर शेयर करना. इस मामले में ज्यूरी ने महिला के एक्स-बॉयफ्रेंड को रिवेंज पॉर्न का दोषी करार दिया है. साथ ही उसे, महिला को 1.2 बिलियन डॉलर यानी करीब 9 हजार 984 करोड़ रुपये बतौर मुआवजा अदा करने का आदेश दिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
क्या है पूरा मामला?

कोर्ट के डाक्यूमेंट्स के मुताबिक, पीड़ित महिला का नाम शुरुआती अक्षरों- DL से दर्ज है. DL और मार्कस जमाल जैक्सन ने 2016 में डेटिंग शुरू की. दोनों रिश्ते में आए और साथ रहने लगे. इस दौरान DL ने अपनी कुछ अंतरंग तस्वीरें मार्कस को भेजी थीं. साल 2020 में दोनों अलग हो गए और DL अपनी मां के साथ रहने चली गईं. इसके बाद मार्कस ने DL को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. उसने DL की मां के घर के सिक्योरिटी सिस्टम को एक्सेस करके DL की जासूसी करना शुरू कर दिया. 

अक्टूबर 2021 में दोनों आधिकारिक रूप से अलग हो गए. लेकिन मार्कस की हरकतें नहीं रुकीं. उसने DL की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और एडल्ट साइट्स पर डालना शुरू कर दीं. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने ड्रॉपबॉक्स फोल्डर के जरिए DL के दोस्तों और परिवारों को भी इन तस्वीरों के लिंक भेजे.

Advertisement

मार्कस ने DL को एक मैसेज भी भेजा. इसमें लिखा,

"तुम अब अपनी बाकी जिंदगी इन्टरनेट से खुद को मिटाने (तस्वीरें हटाने) की कोशिश में और इस कोशिश में फेल होते हुए बिताओगी. हर कोई जिससे अब तुम मिलोगी वो ये कहानी सुनेगा और तुम्हें (तुम्हारी तस्वीरें) तलाशेगा. हैपी हंटिंग."

इसके बाद DL ने अप्रैल 2022 में अपने पूर्वप्रेमी के खिलाफ प्रताड़ित करने का मुकदमा दायर किया. उनके वकीलों का आरोप था कि मार्कस ने DL का यौन शोषण और मानसिक प्रताड़ना के इरादे से उनकी तस्वीरें इंटरनेट पर डालीं. मार्कस कोर्ट में भी हाजिर नहीं हुआ. उसकी तरफ से दलीलें देने के लिए उसका एक वकील कोर्ट में मौजूद था. सुनवाई के दौरान DL के वकीलों ने ज्यूरी से 100 मिलियन डॉलर का हर्जाना देने की मांग की थी.

Advertisement

सुनवाई के बाद कोर्ट ने अपने फैसले में मार्कस को आदेश दिया कि वो DL को अतीत में और आने वाले वक़्त में होने वाली मानसिक पीड़ा के एवज में 200 मिलियन डॉलर और साथ में हर्जाने के तौर पर 1 बिलियन डॉलर (कुल 1.2 बिलियन डॉलर) देगा.

DL के वकीलों के मुताबिक, कोर्ट का फैसला उन पीड़ितों की जीत है, जिनकी तस्वीरों का इस्तेमाल करके उनका यौन शोषण (Image Based Sexual Abuse) किया जाता है. 
बीबीसी की एक खबर के मुताबिक, मुख्य वकील ब्रैडफोर्ड गिल्ड ने कहा,

"इस मामले में जजमेंट की रिकवरी (पैसा मिलने की) संभावना नहीं है, लेकिन मुआवजे के फैसले से DL की प्रतिष्ठा वापस मिलेगी. हमें उम्मीद है कि इस फैसले में हर्जाने की भारी-भरकम रकम से इस अपराध की रोकथाम का संदेश जाएगा. और दूसरे लोग ऐसे घृणित काम करने से बचेंगे."

अमेरिका में रिवेंज पॉर्न (बदले के लिए सेक्शुअल कॉन्टेंट बनाना और प्रसारित करना) के मामले सामने आना नई बात नहीं है. मैसच्युसेट्स और साउथ कैरोलिना को छोड़कर, बाकी सभी अमेरिकी प्रान्तों में एंटी रिवेंज पॉर्न लॉ लागू है. साल 2016 में करीब 1 करोड़ अमेरिकियों ने इस तरह की शिकायतें दी थीं. डाटा एंड सोसाइटी रिसर्च इंस्टिट्यूट के आंकड़ों के मुताबिक शिकायत करने वाले इन लोगों में बड़ी तादाद 18 से 29 साल की महिलाओं की थी.

साल 2018 में अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया में इसी तरह के एक मामले में कोर्ट ने एक पीड़ित महिला को 6.8 मिलियन डॉलर यानी 56 करोड़ रुपये से ज्यादा का भारी-भरकम हर्जाना देने का आदेश दिया था. इस महिला के एक्स. पार्टनर ने उसकी अश्लील तस्वीरें पॉर्न साइट्स पर शेयर की थीं.

वीडियो: पॉर्न देखने वेबसाइट पर गए तो भारत सरकार जुर्माना लगा देगी? पूरा सच जानें, वरना होगा बड़ा नुक़सान

Advertisement