The Lallantop

कानपुर देहात: गोलगप्पे के ठेले पर शुरू हुआ विवाद, फिर चले लाठी-डंडे और गोली, 5 लोग हिरासत में

Kanpur Dehat: भीड़ में शामिल कुछ लोगों का कहना है कि घटना में हथगोलों का भी इस्तेमाल किया गया. मगर पुलिस ने हथगोले या बम चलने की बात से इनकार कर दिया है. आरोप ये भी लगाए जा रहे हैं कि अनियंत्रित भीड़ ने चौराहे पर स्थित दुकानों और घरों में घुसकर महिलाओं एवं बच्चों के साथ मार-पीट की.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है. (सांकेतिक तस्वीर: इंडिया टुडे)

उत्तर प्रदेश (UP) के कानपुर देहात (Kanpur Dehat) में गोलगप्पा खाने के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि मामला पथराव तक जा पहुंचा. फिर लाठी-डंडे चले. इसके बाद एक दुकान मालिक ने छत पर चढ़कर फायरिंग की. भीड़ इकट्ठी हुई और अनियंत्रित भी. इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है.

Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े रंजय सिंह की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मामले में एक दर्जन लोगों के घायल होने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस मामले में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं है.

घटना रनियां थाना क्षेत्र के राजेंद्रा चौराहा की है. 22 मई की शाम को गोलगप्पा के एक ठेले पर दो युवकों में विवाद हो गया था. फत्तेपुर रोशनाई गांव निवासी सत्यम सिंह पानी की बोतल लेने के लिए कार से उतरा. आर्यनगर प्रथम का रहने वाला गंगा सिंह वहां पहले से गोलगप्पा खा रहा था. किसी बात को लेकर दोनों युवकों में पहले कहा-सुनी फिर मारपीट हो गई.

Advertisement

ये भी पढ़ें: कानपुर में फ्री में गोलगप्पे नहीं खिलाए तो दुकानदार को पीटा, मौत हो गई

इसके बाद सत्यम की मां नीलम सिंह ने थाने में तहरीर दी. इसके आधार पर आर्यनगर के रहने वाले दीपू, हरिशंकर, लाला टांडिया, लालू, हरिकिशन, सुनील, कल्लू, गंगा सिंह, लल्लन और 10 अज्ञात के खिलाफ रनिया थाने में मारपीट और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया.

इसके बाद 23 मई को फिर से दोनों पक्षों में विवाद हुआ. दूसरे पक्ष का कहना था कि उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है. आरोप लगाए गए कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने हथगोले फेंके और फायरिंग की. हालांकि, पुलिस ने हथगोले या बम चलने की बात से इनकार कर दिया है. आरोप ये भी लगाए जा रहे हैं कि अनियंत्रित भीड़ ने चौराहे पर स्थित दुकानों  और घरों में घुसकर महिलाओं एवं बच्चों के साथ मार-पीट की. मार-पीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं. मौके पर जब पुलिस पहुंची तो कुछ महिलाओं ने उन पर हमला किया.

Advertisement

रिपोर्ट है कि दुकानों के आसपास मौजूद लोगों के साथ भी मारपीट की गई. इस दौरान एक दुकान मालिक रवि गुप्ता छत पर चढ़ गया और अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी. कुछ लोगों को छर्रे भी लगे हैं. पुलिस ने बंदूक बरामद कर लिया है. 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है.

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चुनाव आयोग की आचार संहिता के दौरान दुकानदार के पास लाइसेंसी बंदूक कैसे रह गई. जबकि बाकी लाइसेंसी बंदूकें जमा कर ली गई थीं.

वीडियो: IIT कानपुर के लड़के-लड़कियों ने पढ़ाई से लेकर गाली पर खुलकर चर्चा कर डाली

Advertisement