यूपी के बुलंदशहर (Bulandshahr) के BSA यानी बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बीजेपी नेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं. BSA बीके शर्मा ने जिलाधिकारी को एक पत्र लिखकर बीजेपी नेता अनिल सिसोदिया (Anil Sisodia) की शिकायत की है. पत्र में उन्होंने कहा है कि अनिल सिसोदिया ने उनके घर आकर उनके साथ बदसलूकी की और गालियां दीं. अनिल सिसोदिया बुलंदशहर में बीजेपी के जिलाध्यक्ष हैं.
बुलंदशहर: 'तेरी तबीयत दो मिनट में ठीक कर देता हूं', BSA का BJP जिलाध्यक्ष पर धमकाने का आरोप
शिक्षा अधिकारी ने इस बारे में जिलाधिकारी को पत्र लिखा है.


सोशल मीडिया पर वायरल BSA के पत्र में लिखा है कि अनिल सिसोदिया 8-10 गुंडों के साथ बीके शर्मा के घर गए थे. शर्मा ने आरोप लगाए हैं कि सिसोदिया ने शिक्षा के अधिकार के तहत जबरन बच्चों के एडमिशन की मांग की. पत्र में BSA शर्मा ने लिखा है,
अनिल सिसोदिया ने मुझसे कहा कि तू मेरा फोन क्यों नहीं उठा रहा. मैंने कहा कि दो तीन दिन से मेरी तबीयत बहुत खराब है, तो सिसोदिया ने कहा कि तेरी तबीयत दो मिनट में सही कर देता हूं.
इस मामले में अनिल सिसोदिया का बयान भी सामने आया है. आजतक से बात करते हुए बीजेपी के बुलंदशहर जिलाध्यक्ष ने कहा,
मैं पिछले एक महीने से राइट टू एजुकेशन के तहत बच्चों के एडमिशन की बात कह रहा था लेकिन BSA मेरा फोन नहीं उठा रहे थे. मैंने उनसे लगातार संपर्क करने की कोशिश की . लेकिन जब फोन नहीं उठा, तो मैं उनके घर गया. मैंने उनके घर जाकर BSA से बच्चों के एडमिशन की बात कही. इसके अलावा कोई आपत्तिजनक बात नहीं कही.
इस मामले में बुलंदशहर के जिलाधिकारी का कहना है कि मामला सामने आया है और इसकी जांच कराई जा रही है.
इधर, इस खबर के सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी ने बीजेपी पर निशाना साधा. ट्विटर पर समाजवादी पार्टी की तरफ से एक वीडियो भी जारी किया गया है. इस वीडियो में कथित तौर पर अनिल सिसोदिया BSA शर्मा के घर में घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं.
इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी ने सीएम योगी पर भी निशाना साधा. पार्टी के ट्वीट में कहा गया कि योगी जी कह रहे थे जो अधिकारी भाजपा वालों की बात ना माने, उसकी लिस्ट बनाकर दो.
वीडियो: श्रीकांत त्यागी का बीजेपी कनेक्शन आया सामने! यूपी पुलिस ने क्यों दी थी सिक्योरिटी?


















