10वीं-12वीं परीक्षा में 56 लाख स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था और 52 लाख ने हिस्सा लिया था. सांकेतिक फोटो: India Today
यूपी बोर्ड. 10वीं-12वीं परीक्षा, 2020 के नतीजे 27 जून को आ गए हैं. राज्य के उप-मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने इसकी घोषणा की. रवायत के हिसाब से टॉप करने वालों की बात होगी.
10वीं की परीक्षा में बागपत की रहने वाली रिया जैन ने 96.67 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया है. 12वीं में 97 फीसदी अंकों के साथ अनुराग मलिक ने टॉप किया है. दोनों ही बागपत ज़िले के श्रीराम एसएम इंटर कॉलेज से हैं. रिजल्ट घोषित होने के डिप्टी सीएम के साथ यूपी की माध्यमिक शिक्षा की प्रिंसिपल सेक्रेटरी अनुराधा शुक्ला और एडिशनल चीफ सेक्रेटरी अवनीश कुमार अवस्थी भी मौजूद रहे. दोनों परीक्षाओं में 56 लाख स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था और 52 लाख ने हिस्सा लिया. ये रिजल्ट upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर देखे जा सकते हैं.
दूसरी और तीसरी रैंक दसवीं में बाराबंकी के रहने वाले अभिमन्यु वर्मा ने 95.8 फीसदी अंकों के साथ दूसरी रैंक और बाराबंकी के ही योगेश प्रताप सिंह ने 95.33 फीसदी अंकों के साथ तीसरी रैंक हासिल की है. बारहवीं में प्रयागराज के प्रांजल सिंह ने 96 फीसदी अंक के साथ दूसरी रैंक और औरैया के उत्कर्ष शुक्ला ने 94 फीसदी अंकों के साथ तीसरी रैंक हालिस की. यूपी सरकार टॉप 3 रैंक वालों को लैपटॉप और एक-एक लाख रुपए देगी. इसके अलावा 'आज तक' की ख़बर के मुताबिक, टॉपर्स के घर तक जाने वाली सड़क का नामकरण उनके नाम पर किया जाएगा. जिन टॉपर्स के घर तक पक्की सड़क नहीं है, वहां पक्की सड़क बनाई जाएगी. इस मौके पर डीप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा,
हमने समय से परीक्षा कराई. पूरी तरह नकलविहीन परीक्षा रही. लखनऊ से हमने लाइव मॉनिटरिंग भी की. डिजिटल अंक पत्र देने की व्यवस्था की गई. ऑनलाइन टीचिंग की व्यवस्था भी हमने की.
सफल विद्यार्थियों को बधाई: सीएम योगी हाईस्कूल में इस बार 83.31 फीसदी स्टूडेंट्स पास हुए. 87.29 फीसदी लड़कियों ने कामयाबी हासिल की, जबकि 79.88 फीसदी लड़के 10वीं की परीक्षा में सफल हुए. इंटरमीडिएट में 74.63 फीसदी स्टूडेंट सफल हुए. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,
कोरोना वायरस के दौर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने समय पर परीक्षाएं करवाईं और नतीजे घोषित किए. मैं 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में सफल हुए विद्यार्थियों को बधाई देता हूं.
इस साल यूपी बोर्ड की 10वीं की परीक्षा के लिए 30 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें करीब 27 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा में हिस्सा लिया. वहीं, यूपी बोर्ड 12वीं की परीक्षा, 2020 के लिए 25 लाख 84 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें से करीब 25 लाख स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया.
रंगरूट: सहायक कोषागार लेखाकार 2016 का रिजल्ट क्यों नहीं निकाल रही योगी सरकार?