यूपी के गाजियाबाद में रविवार तीन जनवरी को बड़ा हादसा हो गया. यहां के मुरादनगर श्मशान घाट में निर्माण कार्य हो रहा था. अचानक बारिश के चलते लेंटर ढह गया, जिसमें 19 लोगों की दबकर मौत हो गई. कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. घटना स्थल पर गाजियाबाद पुलिस और रेस्क्यू ऑपरेशन टीम पहुंच गई है. घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है.
गाज़ियाबाद: श्मशान घाट में छत गिरने से 19 लोगों की मौत, कई मलबे में दबे
एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार में आए थे लोग.


इस मामले में पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर दुख जताया है. लिखा-
उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की खबर से अत्यंत दुख पहुंचा है। राज्य सरकार राहत और बचाव कार्य में तत्परता से जुटी है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

मैंने जिला अधिकारियों को राहत अभियान चलाने और घटना की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. घटना से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी.
दिल्ली-NCR में सुबह से बारिश हो रही है. जिस श्मशान घाट में ये घटना हुई है, वहां पर कुछ लोग अंतिम संस्कार के लिए आए थे. पुलिस का कहना है कि गाजियाबाद के थाना मुरादनगर क्षेत्र के उखलारसी गांव में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी. उनके परिजन और सगे संबंधी दाह संस्कार के लिए डेडबॉडी श्मशान घाट लेकर पहुंचे थे. तभी घटना हुई.
वहीं, देवेंद्र नाम के प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसके दादा का अंतिम संस्कार चल रहा था और बाकी लोग दूर खड़े होकर देख रहे थे. इसी दौरान जोर की आवाज आई और जब वो उस तरफ दौड़े तो देखा लेंटर के नीचे कई लोग दबे हुए थे. उन्होंने बताया कि इस हादसे में उनके चाचा की भी मौत हो गई, जबकि बड़े चाचा का लड़का अभी भी मलबे के नीचे दबा हुआ है. देवेंद्र ने बताया की उनके पिता को कंधे पर चोट आई है, लेकिन वो हादसे में बाल बाल बच गए.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया इस घटना की सूचना मिलते ही तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया जा रहा है. बताया जा रहा है कि लिंटर का साइज बड़ा था. बचाव कार्य के लिए क्रेन की भी मदद ली जा रही है.
मेरठ की डिवीजनल कमिशनर अनीता सी मेश्राम ने बताया कि मुरादनगर में शेड गिरने के बाद अब तक 17 लोगों की मौत हो गई है जबकि 38 लोगों को बचा लिया गया है. उनकी टीम ने जांच शुरू कर दी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.





















