भारत-पाकिस्तान के बीच हाई प्रोफाइल वर्ल्ड कप मैच खत्म हो गया है. भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया. अब इस मैच का एक वीडियो शेयर करते हुए तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन (Udhayanidhi Stalin) ने नाराजगी जाहिर की है. वीडियो में दिख रहा है कि ग्राउंड से पवेलियन लौटते हुए एक पाकिस्तानी प्लेयर के सामने स्टेडियम में बैठे फैंस जोर-जोर से ‘जय श्री राम’ के नारे लगा रहे हैं. उदयनिधि ने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है.
पाकिस्तानी खिलाड़ी के सामने लगे 'जय श्री राम' के नारे, उदयनिधि स्टालिन भारतीय फैन्स पर भड़क गए
उदयनिधि के पोस्ट को लेकर कई क्रिकेट फैंस ने उन्हें ट्रोल किया तो कुछ लोग उनके समर्थन में खड़े भी हुए.


उदयनिधि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे हैं. उदयनिधि ने एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट में लिखा,
"भारत अपनी खेल भावना और आतिथ्य सत्कार के लिए जाना जाता है. हालांकि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ किया गया व्यवहार अस्वीकार्य और एक नया निम्न स्तर है. खेल तो देशों के बीच एकजुटता बढ़ाता है और सच्चे भाईचारे को बढ़ावा देता है. इसे नफरत फैलाने के औजार के तौर पर इस्तेमाल करना निंदनीय है.
उदयनिधि के इस पोस्ट को लेकर कई क्रिकेट फैंस ने उन्हें ट्रोल किया तो कुछ लोग उनके समर्थन में खड़े भी हुए.
वीडियो देखकर लग रहा है कि ग्राउंड से लौट रहा पाकिस्तानी खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान है. टी-शर्ट पर 16 नंबर भी लिखा हुआ दिख रहा है.
ये भी पढ़ें- विराट कोहली ने मोहम्मद रिजवान को ऐसा ट्रोल किया, फ़ैन्स बोले, '...डर गए क्या?'
बता दें कल के मैच की पहली पारी में पाकिस्तान की टीम 42.5 ओवर में ऑल आउट हो गई थी. बाबर की टीम ने इंडिया को 191 रन का टार्गेट दिया था. टीम इंडिया से सिराज ने पहला विकेट अब्दुल्ला शफीक का लिया. दूसरा विकेट हार्दिक पंड्या ने इमाम-उल-हक का लिया. इसके बाद पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने कैप्टन बाबर आजम के साथ मिलकर पारी का जिम्मा संभाला. हालांकि मोहम्मद रिजवान 49 रन बनाकर आउट हो गए. पाकिस्तान के लिए कप्तान बाबर, मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक के अलावा कोई भी बल्लेबाज़ 20 से ज्यादा रन नहीं बना सका.
जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत बढ़िया रही. ओपनर शुभमन गिल चार चौके लगाकर 16 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए. विराट कोहली ने भी 16 रन की पारी खेली. कप्तान रोहित शर्मा ने 63 गेंद पर 86 रन की पारी खेली. रोहित ने 6 चौके और 6 छक्के लगाए. अय्यर और केएल राहुल ने टीम को जीत तक पहुंचाया. वनडे वर्ल्ड कप 2023 में ये इंडिया की लगातारी तीसरी जीत है.
भारत का अगला मुकाबला 19 अक्टूबर को पुणे में बांग्लादेश की टीम के साथ होगा.






















