'उदयनिधि स्टालिन पर NSA क्यों नहीं?' मनीष कश्यप ने PM मोदी से क्या मांग कर डाली?
मनीष कश्यप ने कहा कि उन्हें जेल में नशेड़ियों के बीच रखा गया है. सब गांजा पीकर मुंह पर धुआं मारते हैं. धुएं से उनका सिर दर्द करता रहता है. कहा कि किसी दिन हथियार और चाकू भी पहुंच जाएगा और मर्डर भी हो जाएगा.

बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप (Manish Kashyap) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. बिहार के पटना स्थित बेऊर जेल में बंद मनीष कश्यप पर बिहार और तमिलनाडु में कई मामले दर्ज हैं. तमिलनाडु पुलिस ने मनीष के ऊपर NSA के तहत भी मामला दर्ज किया है. 22 सितंबर को मनीष कश्यप को पटना स्थित सिविल कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट के बाहर मनीष ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वो ‘चारा चोर के बेटे नहीं हैं’ और किसी से डरने वाले भी नहीं हैं.
मनीष कश्यप ने कहा,
“जेल में गांजा-तंबाकू सब पहुंचता है. मुझे नशेड़ियों के बीच रखा गया है. सब गांजा पीकर मुंह पर धुआं मारते हैं. धुएं से मेरा सिर दर्द करता रहता है. सोचिए किसी दिन हथियार और चाकू भी पहुंच जाएगा. मर्डर भी हो जाएगा.”
मनीष ने आगे कहा कि उन्हें पता है कि बोलने पर उनके खिलाफ केस भी दर्ज हो सकता है. लेकिन फिर भी वो डरने वाले नहीं हैं. झुकने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा,
'फौजी का बेटा हूं, डरने वाला नहीं'“हम बताएंगे कि सरकार कैसे चलाई जाती है. एक दिन हमारी भी सरकार बनेगी.”
आगे बताते हुए मनीष कश्यप ने कहा कि वो किसी से डरने वाला नहीं हैं.
“मेरे दादा जी ने चीन से लड़ाई लड़ी. मेरा बाप फौजी है. पाकिस्तान से युद्ध किए. मनीष कश्यप भी उसी परिवार से आता है. हम चारा चोर के बेटे नहीं हैं कि डर जाएंगे.”
मनीष कश्यप ने ये भी कहा कि वो 6 महीने से चुप रहे, कोर्ट आता थे और चुपचाप जेल वापस लौट जाते थे, लेकिन अब पानी सिर के ऊपर से बह रहा है.
कानून व्यवस्था को लेकर भी बोलेबिहार की कानून व्यवस्था को लेकर मनीष कश्यप ने नीतीश सरकार पर निशाना साधा. कहा,
स्टालिन के बेटे पर भी भड़के“बिहार में आए दिन मर्डर हो रहे हैं. यादवों को भी मारा जा रहा है. तेजस्वी यादव कहते हैं कि हम यादवों के नेता हैं. बिहार में कुछ नहीं होने वाला है. अपराधी वारदात को अंजाम देते रहते हैं और सरकार चुपचाप देखती रहती है. बिहार में कोई सुरक्षित नहीं है. पत्रकार, दरोगा को मारा जा रहा है. बिहार के मजदूर आज भी बाहर मार खाते हैं. सरकार चुपचाप देख रही है और कहती है सब ठीक है.”
मनीष कश्यप को फेक न्यूज फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. बाद में उन पर NSA लग गया. अब उन्होंने तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म पर की विवादित टिप्पणी का जिक्र किया है. कहा है,
"आप लोग ही बताइए कि उदयनिधि स्टालिन ने आग लगाने का काम किया या नहीं? उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ? NSA लगी? नहीं लगा न. तो ठीक है."
मनीष ने आगे कहा कि वो देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मांग करते हैं कि उन पर जो केस किया गया है उसकी CBI जांच कराई जाए. साथ ही बिहार और तमिलनाडु में जो भी मामले दर्ज किए गए हैं उन्हें दूसरे राज्य में ट्रांसफर किया जाए. मनीष ने आरोप लगाया कि बिहार में उनके साथ कुछ भी हो सकता है. उन्हें इन दोनों राज्यों में न्याय नहीं मिल सकता.
(ये भी पढ़ें: मनीष कश्यप को सुप्रीम कोर्ट ने हड़काते हुए क्या कहा, वकीलों में क्या बहस हो गई?)
वीडियो: 4 महीने बाद मनीष कश्यप को बिहार लाया गया, अब कोर्ट ने बड़ा आदेश दे दिया

