जिसे दुनिया की सबसे धीमी कैशियर कह हंसे, उसके पीछे का सच जान लो
वायरल हुई चीजों के पीछे का सच आप नहीं जानते, जो फनी लगता है उसके पीछे बड़े दर्द भी हो सकते हैं.
Advertisement

फोटो - thelallantop
बालाराजू सोमसेट्टी नाम के एक आदमी ने 24 अक्टूबर को फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड किया. Fastest cashier in the world कैप्शन के साथ. ये दरअसल तंज़ था. ये महिला बहुत धीरे काम कर रहीं थीं. कितना धीरे? ये वीडियो देख आपको पता लग जाएगा. लेकिन देखकर एक बात साफ है ऐसा वो आलस या कामचोरी के कारण नहीं कर रही हैं. फेसबुक पर 12 मिलियन लोग ये वीडियो देख चुके हैं. 88 हजार से ज्यादा लाइक हैं और एक लाख 85 हजार बार शेयर किया जा चुका है ये वीडियो. सबको बड़ा मजा आया. सब खूब हंसे पर वायरल वीडियो के पीछे क्या सच था? इस बारे में कुंदन श्रीवास्तव ने फेसबुक पर लिखा. बताया इन महिला का नाम प्रेमलता शिंदे है. फरवरी 2017 में ये रिटायर हो रही हैं. बैंक ऑफ महाराष्ट्र पुणे में काम करती हैं. बात ये नहीं है, बात ये है कि ये पैरालाइसिस स्ट्रोक की शिकार हुईं थीं और दो हार्ट अटैक भी इन्होंने झेले हैं. उनके पति नहीं हैं और कुंदन के ही दावे के अनुसार उनका बेटा बाहर रहता है. खुद के खर्चे से ही खुद का इलाज कराकर लंबे समय के बाद वो काम पर लौटी हैं, रिटायरमेंट के पहले उनके पास पर्याप्त छुट्टियां थीं कि वो आराम से तनख्वाह उठातीं. लेकिन वो सम्मान के साथ अपनी बची नौकरी पूरी करना चाहती थीं. इसलिए ऑफिस वालों ने उनके लिए एक अलग से काउन्टर लगाया ताकि वो आराम से अपना काम निबटा सकें. लेकिन कुछ लोगों ने बिना पूरी बात जाने इंटरनेट पर उन्हें मजाक बना दिया. एक ऐसे वक़्त में जब इतना कुछ झेलने के बाद कोई अपने काम के लिए इतनी लगन से लगा है, इंटरनेट उनका मजाक उड़ा रहा है.
बाकी चीजें आप लोग समझते हैं. बस एक बात है. जाने किसी समझदार आदमी ने कही है या नहीं कही है. जिसने कही हो क्रेडिट उसका. बात कुछ ऐसी है कि जिससे भी मिलिए, भलाई से मिलिए, अच्छा सुलूक कीजिए. आपको पता भी नहीं होगा और अंदर-अंदर वो बहुत बड़ी लड़ाई लड़ रहा होगा.
Advertisement













