Trump Towers House arrest trends Gurugram resident accuses M3M Builders of deactivating lift for him
गुरुग्राम के ट्रंप टावर में फ्लैट ओनर 'हाउस अरेस्ट'? लोग डॉनल्ड ट्रंप तक पहुंच गए, पूरा मामला जानें
ट्रंप टावर्स में 3 BHK फ्लैट की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये और 4 BHK फ्लैट की कीमत करीब 18 करोड़ रुपये है. यहां रहने वाले सुहाग ने बिल्डर पर जो आरोप लगाए हैं, उसका वीडियो वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया पर इसको लेकर तीखे रिएक्शन आ रहे हैं.
Advertisement
ट्रंप टावर के बिल्डर पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है.
Quick AI HighlightsClick here to view more
गुरुग्राम के सेक्टर 65 स्थित ट्रंप टावर्स के निवासी वरुण सुहाग ने आरोप लगाया है कि M3M बिल्डर्स और सोसायटी मैनेजमेंट ने उनके फ्लोर पर लिफ्ट सेवा बंद कर दी और डिलीवरी तथा अन्य सेवाएं रोक दीं।
वरुण सुहाग का दावा है कि मैनेजमेंट के इस कदम के कारण उन्हें और उनके परिवार को घर में कैद जैसा महसूस हो रहा है, जिसमें उनकी बुजुर्ग मां और एक साल का बच्चा भी शामिल है, जिससे मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में जोखिम बढ़ गया।
सोशल मीडिया पर चर्चा और विरोध के बाद बिल्डर ने लिफ्ट सेवा पुनः चालू की, लेकिन वरुण सुहाग ने कहा कि वे इस मामले में कानूनी कार्रवाई जारी रखेंगे और जिम्मेदारों को बचने नहीं देंगे।
गुरुग्राम का Trump Tower और House Arrest कीवर्ड दो दिन से सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है. वजह इसी सोसायटी के रहने वाले एक व्यक्ति का आरोप है. ट्रंप टावर्स में रहने वाले वरुण सुहाग ने आरोप लगाया है कि M3M बिल्डर्स और सोसायटी मैनेजमेंट ने उन्हें और उनके परिवार को ‘घर में कैद’ यानी ‘House Arrest’ कर दिया है. उनका आरोप है कि मैनेजमेंट ने उनके फ्लोर पर लिफ्ट बुलाने वाला बटन बंद कर दिया है. इसके अलावा, उनके फ्लैट पर सामान और दूसरी सर्विसेज की डिलीवरी भी रोक दी गई है.
ये सोसायटी गुरुग्राम के सेक्टर 65 है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप टावर्स में 3 BHK फ्लैट की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये और 4 BHK फ्लैट की कीमत करीब 18 करोड़ रुपये है. X पर इसको लेकर सुहाग ने एक पोस्ट किया है. इसमें उन्होंने बताया कि वो अपने परिवार के साथ रहते हैं. परिवार में उनकी बुजुर्ग मां और एक साल का बच्चा भी है. सुहान ने चिंता जताई कि उन्हें किसी भी वक्त मेडिकल इमरजेंसी हो सकती है, ऐसे में लिफ्ट सर्विसेज बंद होना उनके लिए खतरनाक है.
X पोस्ट में वरुण सुहाग ने एक वीडियो और वॉट्सऐप मैसेज का स्क्रीनशॉट शेयर किया है. ये मैसेज उन्होंने कथित तौर पर ट्रंप टावर्स के मैनेजर पंकज बंसल को भेजा था. उन्होंने पोस्ट में लिखा,
'मैं ट्रंप टावर्स दिल्ली-NCR, सेक्टर 65, गुरुग्राम के फ्लैट नंबर 36C का ओनर हूं. M3M बिल्डर और मैनेजमेंट ने मुझे घर में कैद कर दिया है.'
स्क्रीनशॉट के मुताबिक, सुहाग ने पंकज को मैसेज किया कि उन्हें अपने फ्लैट तक आने-जाने की आजादी नहीं मिल रही है. उन्होंने लिखा,
'आपके स्टाफ ने मुझे बताया है कि आपके निर्देश पर मेरे फ्लैट नंबर 36C पर मेरा निजी सामान, डिलीवरी करने वाले लोग, सर्विस देने वाले कर्मचारी, मेहमान, मेरी गाड़ियां और डिलीवरी वाहन आने से रोक दिए गए हैं.'
Advertisement
सुहाग ने आरोप लगाया कि उनके फ्लोर पर लिफ्ट बुलाने वाला बटन बंद कर दिया गया है. इससे उन्हें परेशानी हो रही है और उनके परिवार की सुरक्षा को भी खतरा है. फ्लैट ओनर ने कहा,
'मुझे लिफ्ट बुलाने के लिए हेल्प डेस्क पर फोन करना पड़ता है. इसमें कम से कम 30 से 40 मिनट लगते हैं. मेरे पास इसका लिखित सबूत भी है.'
सुहाग ने बताया कि उनकी मां को दिल की बीमारी है और उनका छोटा बच्चा भी कभी भी बीमार पड़ सकता है. ऐसे में मेडिकल इमरजेंसी के दौरान 30-40 मिनट की देरी कितनी खतरनाक हो सकती है, इसे समझा जा सकता है. सुहाग ने आगे ये भी लिखा कि हो सकता है कि ये सब मैनेजर पंकज बंसल की जानकारी के बिना उनके कर्मचारियों ने किया हो. लेकिन अब उन्हें इसकी जानकारी दे दी गई है. इसलिए इसके बाद होने वाली परेशानी और परिवार की सुरक्षा से जुड़े जोखिमों की जिम्मेदारी उनकी होगी.
सुहाग ने उनसे इन समस्याओं को ठीक करने की अपील करते हुए कहा,
'कृपया मुझे अपने फ्लैट तक बिना किसी परेशानी के आने-जाने की आजादी दें. ऐसा नहीं होने पर मुझे मजबूरन M3M के मालिक के तौर पर आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी पड़ेगी.'
1 नवंबर को सुहाग ने ये वीडियो पोस्ट किया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने बिल्डर पर गुस्सा जाहिर किया. रितेश नाम के एक यूजर ने लिखा,
'जितना बड़ा बिल्डर, उतना छोटा ईगो.'
यूजर का कॉमेंट
एक दूसरे यूजर ने लिखा,
'मामले का दूसरा पक्ष चाहे जो भी हो, बिल्डर किसी के फ्लोर पर लिफ्ट की सुविधा बंद नहीं कर सकता. वरुण को वकील करना चाहिए और इस मामले को कोर्ट में ले जाना चाहिए, ताकि ऐसा करने वालों को सबक मिले.'
लोगों ने नाराजगी जाहिर की
भूपेंदर नाम के यूजर ने लिखा,
'M3M को नए प्रोजेक्ट लॉन्च करने, फ्लैट बेचने और समय पर निर्माण पूरा करने की अच्छी समझ है. लेकिन जब बात खरीदारों की शिकायतों को सुनने और उनका समाधान करने की आती है, तो ऐसा लगता है कि उन्हें कुछ समझ ही नहीं आता.'
यूजर्स ने बिल्डर के रवैये पर सवाल किया.
कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए थे कि सुहाग सीढ़ियों से अपने तुरंत ऊपर/नीचे के फ्लोर पर जाकर लिफ्ट क्यों नहीं ले लेते. इस पर उन्होंने एक और वीडियो बनाकर दिखाया कि सीढ़ियों से किसी और फ्लोर के लिफ्ट का एक्सेस नहीं है. इस पर एक यूजर ने लिखा,
‘आपको कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है. हर कोई जानता है कि M3M बिल्डर्स धोखेबाज और अपराधी हैं.’
सोशल मीडिया पर लोगों का कॉमेंट
एक और यूजर ने वीडियो देखकर लिखा,
‘साफ दिख रहा है कि बिल्डिंग का निर्माण अभी पूरी तरह नहीं हुआ है. यहां तक कि सर्विस लिफ्ट भी अभी नहीं लगी हैं. M3M बिल्डर का रवैया दबंगई वाला है. यह यकीन करना मुश्किल है कि उसने अपने ही एक निवासी के खिलाफ PR कैंपेन चलाया. ऐसे बिल्डर से हर हाल में बचना चाहिए. हर चमकती चीज सोना नहीं होती.’
यूजर रिएक्शन
एक यूजर ने इसमें अमेरिकी प्रेसिडेंट डॉनल्ड ट्रंप को घसीट लिया. लिखा,
'लिफ्ट बंद कर देना? ट्रंप टावर्स के बिल्डर भी ट्रंप की तरह घटिया हरकतें कर रहे हैं.'
ट्रंप के नाम पर ट्रंप को बातेंअब क्या अपडेट है?
हालांकि, इन सबके बीच सुहाग ने बताया कि उनके लिए लिफ्ट दोबारा चालू कर दी गई है. उन्होंने अपनी पोस्ट पर कॉमेंट में लिखा, 'आप सभी के समर्थन की वजह से बिल्डर ने एक कर्मचारी को भेजा और अब लिफ्ट चालू कर दी गई है.' हालांकि, उन्होंने कहा कि वो इस मामले में अपनी लड़ाई जारी रखेंगे. इसके लिए जिम्मेदार लोगों को बचकर निकलने नहीं देंगे.
वीडियो: Haryana Electricity Crisis: गुरुग्राम में बत्ती गुल, सीएम नायब सैनी ने क्या एक्शन लिया?