The Lallantop

बंगाल में 'लड़की' को हाथ-पैर पकड़ कर पीटने का मामला क्या है, जिसमें TMC विधायक का नाम लिया गया?

बीजेपी ने आरोप लगाया है कि वीडियो में TMC विधायक मदन मित्रा का सहयोगी जयंत सिंह दिख रहा है.

Advertisement
post-main-image
वीडियो वायरल होने के बाद बंगाल पुलिस ने केस दर्ज किया. (फोटो- वीडियो स्क्रीनशॉट)

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में एक व्यक्ति की पिटाई का वीडियो शेयर कर ममता बनर्जी सरकार को घेरा है. आरोप लगाया है कि टीएमसी विधायक मदन मित्रा के सहयोगी एक लड़की को पकड़कर बुरी तरह पीट रहे हैं. जो वीडियो शेयर किया गया है उसमें कई लोग एक व्यक्ति को कमरे के भीतर लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं. बीजेपी का आरोप है कि ये वीडियो कमरहाटी के एक क्लब का है. मदन मित्रा कमरहाटी से ही विधायक हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बीजेपी ने आरोप लगाया है कि वीडियो में मदन मित्रा का सहयोगी जयंत सिंह दिख रहा है. जयंत को हाल में पुलिस ने नॉर्थ 24 परगना में एक मां-बेटे को पीटने के आरोप में गिरफ्तार किया था.

केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर किया. लिखा है, 

Advertisement

"कमरहाटी, के तलतला क्लब का वीडियो देखकर परेशान हूं. टीएमसी विधायक मदन मित्रा के एक करीबी सहयोगी जयंत सिंह एक लड़की को बुरी तरह पीटते दिख रहे हैं. महिला अधिकारों के चैंपियन होने का दावा करने वाली सरकार में इस तरह का घिनौना काम मानवता के लिए शर्मनाक है."

बैरकपुर पुलिस ने बताया कि मामले में स्वत: संज्ञान लिया गया है. आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा गया है,

"बैरकपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रहे लड़की की पिटाई के एक पुराने वीडियो का संज्ञान लिया है. स्वत: संज्ञान लेते हुए आपराधिक केस शुरू किया गया है. वीडियो में दिख रहे आरोपियों के खिलाफ सभी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इनमें से दो लोग पहले से हिरासत में हैं."

Advertisement
बैरकपुर पुलिस की पोस्ट
बैरकपुर पुलिस की पोस्ट

राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस वीडियो पर राज्य के डीजीपी को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है. आयोग ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि उसे 'X' पर एक वीडियो दिखा, जिसमें कथित रूप से टीएमसी के कुछ लोग एक महिला को पीटते दिख रहे हैं. महिला आयोग ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. NCW ने लिखा है, 

"पीड़िता का मुफ्त में इलाज होना चाहिए. सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए. NCW की अध्यक्ष (रेखा शर्मा) ने राज्य के डीजीपी से तीन दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है."

NCW
राष्ट्रीय महिला आयोग का बयान
TMC ने वीडियो पर क्या कहा है?

तृणमूल कांग्रेस ने वायरल वीडियो में पिटाई की घटना को स्वीकार किया है. हालांकि पार्टी का कहना है कि ये वीडियो मार्च 2021 का है. TMC प्रवक्ता रिजू दत्ता ने बताया है, 

"ये मार्च 2021 का पुराना वीडियो है. आरोपी जयंत सिंह और उसके सहयोगी हैं. वीडियो में दिख रहे दो लोग फिलहाल जेल में हैं. वीडियो में जो पीड़ित है हो सकता है कि वो पुरुष हो. इसकी जांच की जा रही है. ये साफ है कि बंगाल में खारिज किए जाने के बाद बीजेपी हर तरह के वीडियो का इस्तेमाल टीएमसी को निशाना बना रही है और राज्य को बदनाम कर रही है."

बंगाल से पिछले कुछ दिनों में ऐसे कई मामले आ चुके हैं. इन सभी मामलों में टीएमसी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगे हैं. 28 जून को उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा इलाके में एक कपल की भीड़ ने पिटाई की थी. कपल को डंडे से पीटने वाले व्यक्ति की पहचान ताजमुल इस्लाम के रूप में हुई थी, जो टीएमसी का कार्यकर्ता है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था.

ये भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव में हार के बाद बंगाल BJP में खलबली क्यों मची हुई है?

इसके बाद 30 जून को नॉर्थ 24 परगना के अरियादहा इलाके में एक ऐसी ही घटना सामने आई थी. एक कॉलेज छात्र का स्थानीय लोगों से झगड़ा हुआ था. इसी झड़प में टीएमसी कार्यकर्ता जयंत सिंह ने उसकी पिटाई कर दी. छात्र की मां उसे बचाने आती है लेकिन जयंत और भीड़ में मौजूद लोग दोनों की बुरी तरह पिटाई कर देते हैं. इस मामले में पुलिस ने जयंत के अलावा कई लोगों की गिरफ्तारी की थी.

वीडियो: पश्चिम बंगाल के वायरल वीडियो पर BJP ने घेरा, TMC ने क्या बता दिया?

Advertisement