TMC के नबाग्राम से विधायक कनाई चंद्र मंडल का एक वीडियो सामने आया है. इसमें वो ट्रेन के डिब्बे के अंदर TTE को धमकी देते दिख रहे हैं. विधायक अपने दो समर्थकों के साथ मालदा से हावड़ा जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस के सी-1 कोच में यात्रा कर रहे थे. आरोप है कि उनके समर्थकों के पास यात्रा के लिए वैलिड टिकट नहीं था. जब TTE ने विधायक से समर्थकों के टिकट के बारे में पूछा तो गलती मानने के बजाय वो भड़क उठे. उन्होंने फाइन देने से साफ इनकार कर दिया. बात यहीं खत्म नहीं हुई. TMC विधायक के समर्थकों ने कथित तौर पर TTE को अगले स्टेशन में जान से मारने की धमकी दी. घटना को लेकर TTE ने पूर्वी रेलवे के अधिकारियों को पत्र लिखा है और बताया है कि उनकी जान को खतरा है.
TMC विधायक समर्थकों के साथ ट्रेन में घुसे, TTE ने टिकट मांगे तो धमकी दी- "अगले स्टेशन पर तुझे..."
TMC MLA aids threaten TTE: खगराघाट रोड स्टेशन के पास कुछ लोग ट्रेन के सी-1 कोच में दाखिल हुए. उनमें से एक पैसेंजर के पास कंफर्म टिकट था. बाकी के पास मेल/एक्सप्रेस का सेकेंड क्लास का टिकट था. TTE ने उनसे टिकट मांगा. इसके बाद जो हुआ उसका वीडियो वायरल है.


घटना 2 सितंबर की बताई जा रही है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विधायक कनाई चंद्र मंडल TTE से बहस करते दिखाई दे रहे हैं. एक मिनट 53 सेकेंड के इस वायरल वीडियो में विधायक की बगल में एक महिला बैठी दिख रही है. पहले वायरल वीडियो देखिए.
आजतक से जुड़े पीयूष की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रेन कैप्टन अचिंत्य साहा ने पूर्वी रेलवे के अधिकारियों को लिखे पत्र में घटना के बारे में जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि मालदा से हावड़ा जाने वाली UP इंटरसिटी एक्सप्रेस में ड्यूटी के दौरान खगराघाट रोड स्टेशन के पास कुछ लोग सी-1 कोच में दाखिल हुए. उनमें से एक पैसेंजर के पास कंफर्म टिकट था. बाकी के पास मेल/एक्सप्रेस का सेकेंड क्लास का टिकट था.
साहा ने बताया कि जब उन्होंने उन लोगों से टिकट के बारे में पूछा तो एक शख्स ने बताया कि वो नबाग्राम से विधायक हैं. विधायक ने उनसे कहा कि वो बाकी पैसेंजर्स का फाइन नहीं देंगे. साहा ने अपनी शिकायत में लिखा,
“मैंने तुरंत मालदा स्थित कंट्रोल रूम को सूचित किया. लेकिन वो लोग मुझे लगातार धमकी दे रहे थे. उन्होंने मुझे गालियां दीं और कहा कि वो मुझे अगले स्टेशन पर मार देंगे.”
बकौल साहा कुछ देर बाद उनमें से एक पैसेंजर फाइन देकर अपने टिकट को अपग्रेड करने के लिए तैयार हो गया. और दूसरे पैसेंजर ने अगले स्टॉप पर कोच छोड़ दिया. लेकिन बात यहीं खत्म नहीं हुई. साहा ने बताया,
“सीट नंबर 18 पर विधायक कनाई चंद्र मंडल बैठे थे. वो सीट उनके नाम से ही बुक की गई थी. वहीं सीट नंबर 19 अर्चना मंडल के नाम से बुक थी, लेकिन उस पर सुबर्ना दास रॉय नाम की महिला बैठी हुई थी.”

साहा ने ये भी बताया कि विधायक कनाई ने उन्हें धमकी दी कि खगराघाट रोड स्टेशन पर वो उन्हें पीटेंगे. साहा ने शिकायत में लिखा,
“जब मैं हावड़ा से ड्यूटी कर लौटा तो कुछ लोगों ने सी-1 कोच बोर्ड किया और मुझे धमकी देने लगे. उन्होंने मुझसे कहा कि वो दो दिन के भीतर मुझे मार देंगे. उन लोगों ने कहा कि वो विधायक कनाई चंद्र मंडल के समर्थक हैं. जिसके बाद मैंने मामले के बारे में फिर से मालदा स्थित कमर्शियल कंट्रोल को सूचित किया.”
साहा ने अधिकारियों से कहा है कि धमकी के कारण उनकी जान खतरे में है. उन्होंने घटना की तत्काल जांच किए जाने का आग्रह किया है.
वीडियो: विरोध प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों पर TMC सांसद का विवादित बयान!






















