The Lallantop

तिहाड़ के मुस्लिम कैदी ने पीठ पर गुदा ॐ जज को दिखाकर कहा- सुपरिटेंडेंट ने जबरदस्ती दागा है

बताया कि नवरात्रि में 2 दिन तक उपवास रखवाया और धर्म बदलने को कहा.

Advertisement
post-main-image
नब्बीर की पीठ में गुदा हुआ ॐ और कोर्ट के आर्डर की कॉपी.
तिहाड़ जेल के एक विचाराधीन कैदी ने दिल्ली कोर्ट के सामने पेशी के दौरान शिकायत की है कि जेल में उसके पीठ पीछे जबरदस्ती ॐ लिख दिया गया. नब्बीर नाम के इस कैदी का आरोप है कि यह काम जेल के सुपरिटेंडेंट ने किया है. सुपरिटेंडेंट ने जबरदस्ती उसकी पीठ पर ॐ का निशान गोद दिया. पीड़ित का आरोप है कि वह मुस्लिम है, इसलिए उसे टॉर्चर किया गया है. गर्म मेटल से उसकी पीठ पर 'ॐ' गोदा गया.
इंडियन एक्सप्रेस
की रिपोर्ट मुताबिक नब्बीर ने मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट ऋचा परिहार को बताया कि सुपरिटेंडेंट ने उसे नवरात्र के नाम पर दो दिन खाना देने से इनकार किया. साथ ही यह भी कहा कि वह मुझे हिंदू धर्म में कन्वर्ट कर देंगे.
एएनआई का यह ट्वीट देखिए. कड़कड़डूमा कोर्ट में 17 अप्रैल को नब्बीर के वकील जगमोहन सिंह ने एप्लीकेशन फाइल की थी, जिसके एक दिन बाद यह चीजें सामने आई हैं. नब्बीर को साल 2016 में महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (मकोका) और आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था और जेल नंबर 4 के हाई रिस्क वार्ड में रखा गया था.
शिकायत देखने के बाद मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट ऋचा ने तिहाड़ के ऑफिसर को कहा है कि- "कैदी द्वारा लगाए गए आरोप गंभीर हैं और उन्हें तत्काल दखल देने की जरूरत है. इसके लिए डीजीपी कारागार, हेडक्वाटर, तिहाड़ जेल नंबर 4, नई दिल्ली को नोटिस जारी किया जा रहा है ताकि कैदी का तत्काल मेडिकल टेस्ट कराया जा सके और जले हुए 'ॐ' के निशान को लेकर जांच रिपोर्ट भी बनाई जा सके. जरूरी सीसीटीवी फुटेज जमा किए जाएं और इसके बारे में दूसरे कैदियों के भी बयान लिए जाएं."
कोर्ट के आर्डर की कॉपी कोर्ट के आर्डर की कॉपी

अदालत ने जेल के ऑफिसर्स से नब्बीर की सेफ्टी पर ख़ास ध्यान देने को कहा है और जेल सुपरिटेंडेंट राजेश चौहान को डायरेक्ट या इनडायरेक्ट रूप से सुपरविजन से तत्काल हटाने को कहा है."
इंडियन एक्सप्रेस ने तिहाड़ जेल के डायरेक्टर जनरल अजय कश्यप से बातचीत की है. उन्होंने कहा है- हमने घटना की जांच के आदेश दिए हैं. कैदी को अलग जेल में शिफ्ट किया गया है. वह हाई-रिस्क जेल में बंद था जहां सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाती है. फुटेज को स्कैन किया जाएगा और कैदी की मेडिकल जांच होगी. अगर सुपरिटेंडेंट दोषी पाया जाता है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट अदालत को दी जाएगी.”
अदालत ने जेल के अधिकारियों से सोमवार तक रिपोर्ट जमा करने को कहा है.


वीडियो- पड़ताल: क्या राहुल गांधी के रोड शो में लहराए गए पाकिस्तानी झंडे?

Advertisement
Advertisement