और हम देख रहे हैं. फेसबुक पर, वो भी लाइव.
एक फेसबुक पेज है Powws नाम का. इस पर पिछले कुछ घंटों से लगातार एक मैजिक ट्रिक लाइव स्ट्रीम की जा रही है. इसमें किसी टूरिस्ट स्पॉट (देखने में कोई यूरोपियन शहर लगता है, लेकिन दावा नहीं किया जा सकता) में ज़मीन पर कपड़े से ढंका एक स्टूल रखा हुआ है. इस पर एक सुनहरा चिराग रखा है. और इसी में से नीले कपड़े पहने एक जिन्न निकला दिखा. मानो किसी ने अभी थोड़ी देर पहले चिराग घिसा हो. जिस जिस ने जिन्न को पैसे दिए, उस उस को टॉफी भी मिली. जिन्न माने अपने अलादीन कार्टून का जीनी. देखने में ये ट्रिक इतनी दिलचस्प है कि एक लाइव स्ट्रीम को 20-20 हज़ार लोग साथ में देख रहे थे. वो भी तब, जब Powws को तकरीबन 80 हज़ार लोग ही फॉलो करते हैं.

Powws पेज पर जीनी मैजिक ट्रिक की लाइव स्ट्रीमिंग 20-20 हज़ार लोगों ने एकसाथ देखी.
इस वीडियो में लोगों की दिलचस्पी होने का एक कारण ये है कि जिन्न चिराग से इतना दूर है कि लोग पहली बार में इस बात को खारिज कर देते हैं कि चिराग उसका वज़न संभाल रहा होगा. वो हवा में तैरता नज़र आता है. लोग माथा पकड़कर सिर धुनते रहते हैं कि ये हुआ तो कैसे. हम यहां यही बताने की कोशिश करेंगे.
हमारे जिन्न ने उसी ट्रिक का इस्तेमाल किया है, जिसका इस्तेमाल अपने यहां के हवा में तैरने वाले योगी करते हैं. ये एक बड़े मज़बूत प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं जो इनके हाथ के पास से होते हुए ज़मीन तक जाता है. योगी (ढोंगी) इसपर बैठते हुए इस प्लेटफॉर्म को छुपा लेता है.

हवा में लटके 'योगी' आपको ऐसे बेवकूफ बनाते हैं. (फोटोः ऑड स्टफ मैग्ज़ीन)
अब जिन्न पर आते हैं. जिन्न के मामले में योगी जैसा ही प्लेटफॉर्म है. अब आप सवाल करेंगे कि प्लेटफॉर्म होता तो लुढ़क जाता क्योंकि जिन्न तो चिराग से बहुत दूर है. तो इसका जवाब ये है कि जिन्न ने योगी से ज़्यादा दिमाग लगाया है. जिस तरफ जिन्न झुका हुआ है, प्लेटफॉर्म उसी ओर ज़्यादा बड़ा होता है. इतना बड़ा कि जिन्न के सेंटर ऑफ मास के ठीक नीचे आ सके. हमने जितने जिन्न इस तरह हवा में तैरते देखे, उनके ठीक नीचे तक एक कपड़ा बिछा हुआ था.

ये अलग अलग जगहों पर जीनी ट्रिक की तस्वीरें हैं. दोनों तरफ कपड़ा जिन्न के नीचे तक आता है. क्योंकि प्लेटफॉर्म वहीं तक फैला होता है.
इस कपड़े के नीचे ही प्लेटफॉर्म छुपा रहता है. अब ये बहुत बेसिक साइंस है कि आकार चाहे जो हो, बॉडी सेंटर ऑफ मास की सीध में बनी रहे तो लुढ़केगी नहीं. हां, थोड़ा भी दाएं-बाएं हुए तो धड़ाम की आवाज़ आना लाज़मी है.
तो मितरों, जिन्न हवा में तैरता नहीं है. वो साइंस लगाता है.
और एक बात. इस Powws पेज से ज़रा बच के रहना. ये 24 घंटों से लगातार एक ऐसी घटना को घंटों तक फेसबुक से लाइव स्ट्रीम कर रहा है, जो तकरीबन तीन मिनट की है. और तीन साल पुरानी है. :)
ये भी पढ़ेंः











