दुकान में चोरी होने से बचने के लिए मालिक लोग कई तरीके अपनाते हैं. जैसे सिक्योरिटी कैमरा, एडवांस ताले, हाई टेक अलार्म. लेकिन ये तरीके काफी नहीं. मुंबई के एक बदमाश ने ये सब उपाय फेल कर दिए (Mumbai Jewelry Shop Theft CCTV). ज्वेलरी की दुकान में चोरी के लिए उसने अनोखा जुगाड़ लगाया. उसने बगल वाली दुकान किराए पर ले ली और फिर सुरंग खोदी.
चोर ने ज्वेलरी शॉप के बगल वाली दुकान किराए पर ली, सुरंग खोदकर घुसा, तभी खेल हो गया!
सुरंग बनाकर घुसते चोर का Video वायरल


NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना मुंबई से सटे ठाणे की है. यहां भवानी ज्वेलर्स नाम की दुकान है. कुछ दिन पहले आरोपी ने बगल वाली दुकान किराए पर ली और वहां अपना फर्नीचर का काम शुरू किया. इस दौरान बदमाश ने ज्वेलरी शॉप तक सुंरग खोद डाली. महज तीन दिन में उसने नीचे से दुकान में घुसने का रास्ता तैयार किया.
क्या हुआ जब चोर दुकान में घुसा?चोरी का प्लान 9 जनवरी को पूरा करना था. क्योंकि उस दिन इलाके में ज्यादातर दुकाने बंद रहती हैं. चोर फूल प्रूफ प्लान के साथ तैयार था. वो दोपहर के वक्त सुरंग के जरिए दुकान में घुसा. इधर-उधर देखा और सीधे गल्ले की तरफ गया. कुछ चीजें चुरा भी ली थीं. तभी अचानक किसी काम से मालिक दुकान में पहुंच गया. रंगे हाथों पकड़े गए उस चोर की खूब पिटाई की गई और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. ठाणे पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें चोर सुरंग से अंदर घुसता और सामान चुराता दिख रहा है. सोशल मीडिया पर वीडियो खूब वायरल हो रहा है.
सुरंग बनाकर चोरी का ये आइडिया ज्यादा नया नहीं है. अप्रैल 2020 में मुंबई में चोरों ने लॉकडाउन का फायदा उठाकर अंडरग्राउंड टनल खोदी और ज्वेलरी की दुकान में चोरी की. वो घटना मुंबई के अंधेरी ईस्ट की थी. उससे पहले 2017 में भी मुंबई के एस वी रोड इलाके में चोरों ने 25 दिनों तक 6 फीट की सुरंग बनाई. जो ज्वेलरी शॉप में खुलती थी. हालांकि शोर की आवाज सुनकर लोगों ने आरोपियों को पकड़ लिया.
वीडियो: बिहार में चोर पूरा मोबाइल टावर चुरा ले गए, तीन दिन तक काट-काटकर ट्रक में भरा!






















