फिल्म जर्नलिस्ट राजीव मसंद को दिए एक इंटरव्यू में राज एंड डीके ने इस बारे में बात की है. राज ने इस मामले में राजीव से बात करते हुए बताया कि उन्होंने कुछ महीने पहले शाहरुख को एक कहानी सुनाई थी. मामला शाहरुख को पसंद आया. उन्होंने डायरेक्टर जोड़ी से कहा कि वो ये फिल्म करेंगे. ये न्यूज़ ऑफिशियल तौर पर अनाउंस तो नहीं हुई लेकिन मीडिया में कई बार इसका ज़िक्र हो चुका है. राज आगे जोड़ते हैं कि ऐसा नहीं है कि शाहरुख ने उन्हें इस मामले में कुछ भी बोलने से मना किया है. लेकिन वो इस फिल्म के ऑफिशियल तौर पर अनाउंस किए जाने का इंतज़ार कर रहे हैं. स्क्रिप्ट देखने के बाद शाहरुख ने उन्हें बधाई दी. और उस स्क्रिप्ट से छेड़छाड़ करने से मना किया.

राज और डीके पहले अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे. उन्होंने अपना पैशन फॉलो करने के लिए नौकरी छोड़ फिल्में बनाना शुरू किया.
बकौल राज, शाहरुख ने कहा- ''इस जर्नी (फिल्म बनाने के दौरान) में चाहे जो भी हो, ये ध्यान रखना कि ये कि ये कहानी वही रहे, जो आप लोग कहना चाहते हैं. वैसी फिल्म बनाइए जैसी ये होनी चाहिए. किसी स्टार के दबाब में आकर कहानी में फर्जी का जोड़-घटाव करने की ज़रूरत नहीं है.''
आम तौर पर क्या होता है कि जैसे ही कोई एक्टर स्क्रिप्ट देखता है, उसमें अपने मुताबिक बदलाव करवाता है. लेकिन शाहरुख राज एंड डीके के साथ हुई कई मुलाकातों में स्क्रिप्ट को जस का तस बनाए रखने पर ज़ोर देते रहे हैं. डायरेक्टर जोड़ी का मानना है कि उन्होंने ये स्क्रिप्ट काफी समय से बचाकर रखी थी. वो इसे सही समय देखकर बनाना चाहते थे. शायद वो समय अब आ गया है.

शाहरुख खान आखिरी बार फिल्म 'ज़ीरो' में कटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा के साथ दिखाई दिए थे.
ये तो शाहरुख की बात हो गई, जो अभी बिलकुल खाली हैं. पिछले दिनों उन्होंने 'ब्रह्मास्त्र' फिल्म के लिए एक कैमियो शूट किया था. उसके बाद से मामला ठंडा ही चल रहा है. लेकिन राज एंड डीके के पास समय का भारी अभाव है. वो फिलहाल वेब सीरीज़ 'द फैमिली मैन' के दूसरे सीज़न पर काम कर रहे हैं. इसके बाद 'गो गोवा गोन 2' पर काम शुरू करेंगे. अभी कुछ ही दिन पहले अनाउंस हुआ है कि ये जोड़ी 'एवेंजर्स: एंडगेम' के डायरेक्टर्स रूसो ब्रदर्स के साथ एक इंटनेशनल सीरीज़ फ्रैंचाइज़ी 'सिटाडेल' पर काम करेगी. उसका इंडियन वर्ज़न बनाएगी. इस सब के बीच अब शाहरुख खान के साथ फिल्म. राज एंड डीके ये सब कैसे मैनेज करते हैं, ये देखना इंट्रेस्टिंग रहेगा. जहां तक रही शाहरुख की बात, तो हमें अब भी उनकी ओर से ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतज़ार रहेगा.
वीडियो देखें: 'एवेंजर्स' बनाने वालों के साथ काम करेंगी प्रियंका चोपड़ा और 'द फैमिली मैन' के डायरेक्टर
























