थाईलैंड में बौद्ध भिक्षुओं के साथ हुए सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब पिकअप वैन चला रहे 11 साल के लड़के ने भिक्षुओं के एक समूह को टक्कर मार दी. इनमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गई थी. बाकी पांच ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. कई भिक्षु घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
बौद्ध भिक्षुओं को गाड़ी से रौंदता चला गया 11 साल का लड़का, 10 की मौत, कई घायल
Thai Monk Accident: थाईलैंड में 11 साल के लड़के द्वारा पिकअप वैन चलाने से हुए हादसे में 10 बौद्ध भिक्षुओं की मौत हो गई. पांच भिक्षुओं ने मौके पर और पांच ने अस्पताल में दम तोड़ा. कई घायल हैं. हादसे का वीडियो सामने आया है.


एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, यह हादसा 2 जुलाई को मुकदाहान प्रांत में हुआ. करीब 35 बौद्ध भिक्षु और 5 अनुयायी मुकदाहान के एक मंदिर से पड़ोसी उबोन रत्चाथानी प्रांत के दूसरे मंदिर तक 260 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकले थे. यात्रा शुरू होने के महज 30 मिनट बाद ही यह हादसा हो गया. एक्सीडेंट में कई भिक्षु घायल हुए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. हादसे से पहले भिक्षु सड़क के किनारे एक कतार में चल रहे थे. इसी दौरान पिकअप वैन सड़क से फुटपाथ पर चढ़कर उनके ग्रुप में जा घुसी.
एजेंसी फ्रांस-प्रेस (AFP) के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि 11 साल के लड़के ने बिना इजाजत के घर से पिकअप वैन निकाली थी. बाद में उसने गाड़ी पर से काबू खो दिया और बौद्ध भिक्षुओं के ग्रुप से टकरा गया. ग्रुप में शामिल भिक्षु ‘फ्रा सोमपोंग’ ने बताया कि हादसे से ठीक पहले वह ‘बुद्धो, बुद्धो’ मंत्र का जाप कर रहे थे.
पुलिस ने क्या बताया?AP के मुताबिक लड़के को हिरासत में लिया गया है और पुलिस का कहना है कि उसके माता-पिता पर लापरवाही का मामला दर्ज किया जा सकता है. पुलिस ने यह भी बताया कि चश्मदीद भिक्षुओं ने कहा कि टक्कर से पहले उन्होंने गाड़ी को डगमगाते हुए देखा था. BBC ने पुलिस मेजर जनरल पैरोज थाईफुटसा के हवाले से लिखा,
"संदिग्ध एक बच्चा है. कारण का पता लगाने के लिए गाड़ी को फोरेंसिक जांच के लिए ले जाया गया है."
उन्होंने यह भी कहा कि शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि वह विशेष जरूरतों (स्पेशल नीड्स) वाला बच्चा है, लेकिन अभी और कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है. थाईफुटसा ने BBC थाई से कहा कि लड़के की देखभाल अधिकारियों की एक टीम कर रही है.
ये भी पढ़ें: बीच सड़क बैठा था लड़का, गाड़ी ने कुचला फिर घसीटा, वीडियो देख सब सन्न रह गए!
BBC के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि घटना के समय लड़का घर में अकेला था. तबियत ठीक नहीं होने की वजह से वह स्कूल नहीं गया था. जब उसके पैरेंट्स को पता चला कि पिकअप वैन घर से गायब है तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी.
वीडियो: दिल्ली में साइकिल से जा रहे बच्चों को थार ने कुचला, पुलिस ने क्या बताया?
















