The Lallantop

बिजली विभाग ने भेजा महीने भर का बिल, पेपर पर लिखा था 11 करोड़, फिर...

वायरल हो गया बिल.

Advertisement
post-main-image
बिजली के बिल की कॉपी. (फोटो- इंडिया टुडे)

सोशल मीडिया पर आजकल पुराने बिलों से जुड़ीं कई खबरें और तस्वीरें वायरल (Social Media Viral Photos) होती रहती हैं. कुछ दिन पहले 36 साल पुराने एक बिल की फोटो (Old Bill Viral) वायरल हुई थी. बिल में उस वक्त की बुलेट के दाम का जिक्र था. अब सोशल मीडिया पर एक और बिल वायरल है. बिजली का बिल. वो भी 11 करोड़ रुपये का.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बिल तेलंगाना (Telangana) के एक ग्राम पंचायत कार्यालय का है. इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, तेलंगाना के कामारेड्डी जिले में एक ग्राम पंचायत कार्यालय को 11 करोड़ 41 लाख रुपये का बिजली का बिल भेज दिया गया. बिल देख ग्राम पंचायत के लोग सोच में पड़ गए.

Advertisement

दरअसल, कामारेड्डी जिले के कोठापल्ली ग्राम पंचायत को जनवरी महीने का बिल भेजा गया. बिजली विभाग की तरफ से जारी किए गए बिल में रीडिंग और बाकी चीजों के साथ-साथ महीने भर की राशि भी लिखी हुई है. राशि है 11 करोड़ 41 लाख रुपए. ऐसा भी नहीं है कि पिछले महीनों का कोई बकाया रहा हो. ग्राम पंचायत ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं.

जांच करेगा विभाग

इंडिया टुडे की रिपोर्ट की मुताबिक, गांव के सरपंच ने बिल के विवरण के बारे में अधिकारियों से पूछताछ भी की. बिल के बारे में पूछने पर अधिकारियों ने तकनीकी समस्या का हवाला दे दिया. अधिकारियों ने कहा कि तकनीकी समस्या के कारण बिल इतना ज्यादा दिखा रहा है. ग्राम पंचायत ने बिल के बारे में सवाल किया तो अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वो मीटर की रीडिंग की जांच करेंगे. बिजली विभाग की तरफ से बिल की जांच के आदेश दिए गए हैं. जांच के बाद बिल को ठीक किया जाएगा.

बिजली के बिल से जुड़ा ये कोई नया मामला नहीं है. पिछले साल मध्य प्रदेश में बिजली विभाग ने बिजली का बिल वसूलने के लिए लोगों के घर से सामान उठाने का काम किया था. 

Advertisement

मध्य प्रदेश के उज्जैन में बिजली कंपनी ने बिजली का बिल वसूलने के लिए लोगों के घरों से सामान उठाना शुरू कर दिया था. कंपनी ने उज्जैन में 20 नवंबर, 2022 को सात घरों से फ्रिज, टीवी, कूलर, हीटर और अन्य चीजें जब्त कर लिए थे. उसके बाद इन सामानों की कुर्की कराई गई थी. इससे मिलने वाली राशि से बिजली बिल की भरपाई की गई थी.

वीडियो: Blinkit से मंगाए ब्रेड के पैकेट में चूहा निकला, लोगों ने मीम बनाकर कंपनी की मौज ले डाली

Advertisement