तेजस्वी यादव - डीएम साहब नमस्कार, ये गर्दनीबाग में सब लोग प्रदर्शन कर रहे थे, अब इन लोगों को कोई परमीशन नहीं दे रहा है. वहां तो राइट है इन लोगों को धरना-प्रदर्शन करने का. ये तो लोकतांत्रिक अधिकार है इन लोगों का. नियम बदलने की बात की जा रही है, और कहा जा रहा है कि हर दिन का परमीशन लेना होगा. अनिश्चितकालीन का नहीं मिलेगा क्या? ये लोग गर्दनी बाग स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे थे, वहां पर लाठीचार्ज हुआ है. इनका सामान वगैरह सब फेंक दिया है. आपको तो पता ही होगा? ये लोग बस यही चाहते हैं कि इन लोगों का लोकतांत्रिक अधिकार है कि ये धरना दें. हम आपको इनका एप्लिकेशन वॉट्सऐप करा देते हैं. आप देख लीजिए. ये कब तक हो जाएगा? कब तक बताइएगा? डीएम पटना - अरे भेजिये न पहले, कब तक बताइएगा? क्या आप हिसाब लीजिएगा हमसे? अभी भेजे नहीं हैं, और हिसाब ले रहे हैं कि कब तक बताइएगा. तेजस्वी यादव - मैं तेजस्वी यादव बोल रहा हूं डीएम साहब. डीएम पटना - अच्छा, सर-सर-सर आप. हम जल्दी से करा देते हैं.
जब पटना के डीएम ने तेजस्वी यादव को ही फोन पर 'हड़का' दिया
बाद में असलियत पता चली तो सुर बदल गए, वीडियो वायरल
Advertisement

पटना के ईको पार्क में आंदोलन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों की बात सुनने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव रात में ही वहां पहुंच गए और भीड़ के बीच से ही डीएम को फोन लगा दिया. (फोटो-तेजस्वी यादव और डीएम पटना के ट्विटर अकाउंट से)
भले ही बिहार में नीतीश कुमार की सरकार है, लेकिन तेजस्वी यादव भी प्रशासनिक अधिकारियों से अक्सर मुखातिब होते रहते हैं. ऐसा ही एक नजारा बुधवार 20 जनवरी की शाम पटना में देखने को मिला. तेजस्वी यादव ने आंदोलन कर रहे लोगों की मदद के लिए पटना के डीएम को फोन किया, लेकिन डीएम फोन पर ही उनसे नाराज हो गए और कहने लगे कि आप हमसे हिसाब लीजिएगा क्या. हालांकि जब डीएम को पता चला कि दूसरी तरफ तेजस्वी यादव हैं तो उनके सुर बदल गए. मामला यह था कि बुधवार को पटना के ईको पार्क में TET पास शिक्षक अभ्यर्थी आंदोलन कर रहे थे. तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) भी वहां पहुंच गए. असल में प्रशासन ने अभ्यर्थियों को धरना-प्रदर्शन की परमीशन नहीं दी थी. इसके बावजूद वहां पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. तेजस्वी के वहां पहुंचते ही 'तेजस्वी यादव जिंदाबाद' के नारे लगने लगे. तेजस्वी ने अभ्यर्थियों की समस्या सुनी. तेजस्वी को कुछ प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन उन्हें धरना देने की अनुमति नहीं दे रहा है. इस पर तेजस्वी यादव ने पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह को फोन मिला दिया. शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए धरने की इजाजत देने की मांग की. इस पर डीएम पहले तो बात सुनते रहे, फिर जब तेजस्वी ने कहा कि कब तक बताइएगा, तो डीएम उखड़ गए. आप भी जानिए तेजस्वी यादव और डीएम पटना के बीच फोन पर क्या बातचीत हुई-
इस पूरी बातचीत का वीडियो काफी वायरल हो रहा है. वीडियो में लोग तेजस्वी यादव को लेकर नारे लगाते हुए नजर आ रहे हैं. तेजस्वी यादव ने भी अपने सोशल मीडिया पर शिक्षक अभ्यर्थियों के इस मसले को काफी गर्मजोशी से उठाया है और लगातार अपडेट भी पोस्ट कर रहे हैं. बता दें कि बहाली की मांग कर रहे TET पास अभ्यर्थियों को पुलिस ने मंगलवार 19 जनवरी की रात में ही गर्दनीबाग से हटा दिया था. उसके बाद शिक्षक अभ्यर्थी 10 सर्कुलर रोड राबड़ी आवास पहुंचकर तेजस्वी यादव से मिले. तब भी तेजस्वी यादव ने शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज को लेकर पटना के एसएसपी से बात की थी. पुलिस की कार्रवाई को गलत और अलोकतांत्रिक बताया था. तेजस्वी ने लोगों को आश्वासन दिया था कि गिरफ्तार अभ्यर्थियों की रिहाई और केस वापस लेने के लिए वह अधिकारियों से बात करेंगे. अगर ऐसा नहीं होता है तो खुद धरनास्थल पर भी जाएंगे. इसके बाद कुछ शिक्षक अभ्यर्थी ईको पार्क में जाकर धरना देने लगे. इन लोगों से मिलने तेजस्वी यादव बुधवार को ईको पार्क पहुंचे. इस दौरान तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा. हालांकि थोड़ी देर धरने पर बैठने के बाद तेजस्वी वहां से निकल गए.
Add Lallantop as a Trusted Source

Advertisement
Advertisement
Advertisement





















