तमिलनाडु साइबर क्राइम पुलिस ने एक BJP नेता को गिरफ्तार किया है. आरोप हैं इस नेता ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के ख़िलाफ़ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट लिखा था. BJP नेता का नाम प्रवीणराज है. पार्टी के IT विंग के मुखिया हैं. तमिलनाडु के करूर से धरे गए हैं.
भाजपा नेता ने प्रियंका और राहुल गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, गिरफ़्तार हो गया!
BJP नेता का नाम प्रवीणराज है. पार्टी के IT विंग के मुखिया हैं. तमिलनाडु के करूर से धरे गए हैं.


इंडिया टुडे के संवाददाता प्रमोद माधव की रिपोर्ट के मुताबिक़, प्रवीणराज X (पूर्व ट्विटर) पर "संघी प्रिंस" नाम से एक हैंडल चलाते हैं. 10 अगस्त को उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी का एक वीडियो पोस्ट किया. वीडियो पोस्ट करते समय उन्होंने राहुल गांधी को ‘बेईमान राजनेता’ बताया. कैप्शन में लिखा,
"उनकी अपनी बहन ने भी उनका हाथ हटा दिया. ऐसे नीच व्यक्ति हैं राहुल गांधी. अब वह फ्लाइंग किस दे रहे हैं. करुणानिधि जो अपने गठबंधन में रहकर मणिपुर के लिए न्याय मांग रहे हैं, उन्हें पहले अपनी बहन के लिए न्याय मांगना चाहिए."

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक़, करूर कांग्रेस कमेटी ने इस पोस्ट के ख़िलाफ़ शिकायत की थी. शिकायत के आधार पर, ज़िला साइबर क्राइम ब्रांच के अफ़सर 30 सितंबर और 1 अक्टूबर की दरमियानी रात प्रवीणराज के घर गए और शुरुआती पूछताछ के बाद प्रवीणराज को गिरफ्तार कर लिया.
ये भी पढ़ें - प्रियंका गांधी पर बीजेपी नेता का घटिया बयान
अपनी गिरफ़्तारी के बाद, प्रवीणराज ने पोस्ट किया कि पुलिस उनके घर में जबरदस्ती घुसी थी और सबने अपना आईडी कार्ड दिखाने से भी मना किया था. करूर से कांग्रेस सांसद जोथिमनी ने प्रवीणराज के पोस्ट की निंदा की. लिखा कि उनकी पार्टी के नेताओं के ख़िलाफ़ व्यक्तिगत हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे.
“करूर जिला कांग्रेस कमेटी की शिकायत पर भाजपा के आईटी विंग के इंचार्ज को गिरफ्तार किया गया है. राजनीतिक और सैद्धांतिक रूप से कोई किसी की आलोचना कर सकता है, लेकिन किसी भाई या बहन के बारे में नफ़रत भरी पोस्ट शेयर करना - सिर्फ़ इसलिए कि वो राजनीति में शामिल हैं - बिल्कुल ग़लत है. भाजपा की अश्लीलता और नफ़रत की राजनीति तमिल समुदाय के लिए ही बहुत बड़ी शर्म की बात है.”
उन्होंने आगे लिखा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं के लिए आपत्तिजनक तरीक़े से आलोचना करना उचित नहीं.
वीडियो: नेतानगरी: दक्षिण में सनातन का मुद्दा, INDIA गठबंधन के लिए 2024 चुनाव का उत्तर बिगाड़ देगा?





















