श्रीलंका (Srilanka) के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे (Gotbaya Rajpaksa) राष्ट्रपति भवन छोड़कर भाग गए हैं. गोटबाया ने ये कदम तब उठाया, जब 9 जुलाई को प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन पर धावा बोल दिया. इस बीच देश के प्रधानमंत्री ने पार्टी नेताओं की आपात बैठक बुलाई है. साथ ही साथ संसद सत्र बुलाने की मांग की है. अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी AFP ने एक डिफेंस सूत्र और स्थानीय मीडिया के आधार पर ये जानकारी दी. सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें प्रदर्शनकारी श्रीलंका के राष्ट्रपति भवन के अंदर मौजूद नजर आ रहे हैं. श्रीलंका के कुछ मीडिया संस्थानों ने भी इन वीडियो को चलाया है.
श्रीलंका: हजारों प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन पर कब्जा किया, गोटबाया राजपक्षे भागे
श्रीलंका में प्रदर्शनकारी बहुत पहले से ही राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.

इन वीडियो में प्रदर्शनकारी श्रीलंका के झंडे लिए हुए हैं और नारेबाजी कर रहे हैं. अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने अपनी एक रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की है. रिपोर्ट में बताया गया है,
"हजारों प्रदर्शनकारी मुख्य द्वार के जरिए राष्ट्रपति भवन में घुस गए. इस दौरान उन्होंने बैरिकेड्स तोड़ दिए. पुलिस वापस लौटती नजर आई. हवा में गोलियों की आवाज भी सुनी गई. आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए."
दरअसल, श्रीलंका में प्रदर्शनकारी बहुत पहले से गोटबाया राजपक्षे के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. इस साल मार्च में श्रीलंका गंभीर आर्थिक संकट की जद में आ गया था. जिसके बाद से ही लोग वहां सड़कों पर उतर आए. देश में ईंधन से लेकर राशन तक की भारी कमी हो गई. जरूरी सामानों की कीमतें आसमान छूने लगीं. समय के साथ परिस्थितियां बिगड़ती गईं. एक्सपर्ट्स का कहना है कि श्रीलंका की ये हालत सरकारी नीतियों और कोविड वायरस महामारी की वजह से हुई, जिसने देश की अर्थव्यवस्था के एक मजबूत आधार टूरिज्म सेक्टर को बहुत नुकसान पहुंचाया.
इससे पहले 8 जुलाई को भी लोगों ने श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में प्रदर्शन किया था. इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प भी हुई थी. प्रदर्शनकारियों में धार्मिक नेताओं से लेकर, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, किसान, डॉक्टर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता शामिल थे. खबरें ये भी हैं कि कोलंबो में 9 जुलाई को भी प्रदर्शन हुआ. इस प्रदर्शन के दौरान भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई. इस झड़प में 100 से अधिक प्रदर्शनकारियों के घायल होने की खबर है. घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
वीडियो- श्रीलंका में आर्थिक संकट के लिए जिम्मेदार राजपक्षे परिवार का सच ये है










