रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) पर लगे यौन उत्पीड़न का मामला बढ़ता जा रहा है. जंतर-मंतर पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने बृजभूषण सिंह से इस्तीफा मांगा है. इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि खेल मंत्रालय ने बृजभूषण सिंह को 24 घंटे के भीतर WFI के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने को कहा है. हालांकि बृजभूषण सिंह ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है.
खेल मंत्रालय ने 24 घंटे के भीतर इस्तीफा मांगा, बृजभूषण सिंह बोले- नहीं दूंगा
बृजभूषण सिंह ने कहा है कि वो 'अपराधी' के टैग के साथ इस्तीफा नहीं देने वाले हैं.


बृजभूषण सिंह ने कहा है कि वो 'अपराधी' के टैग के साथ इस्तीफा नहीं देने वाले हैं. बृजभूषण यूपी के कैसरगंज से बीजेपी सांसद भी हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि दिल्ली में खिलाड़ियों का प्रदर्शन उनके खिलाफ विपक्षी दलों की 'साजिश' है. इंडिया टुडे से बातचीत में बृजभूषण सिंह ने कहा कि वो पुलिस या फिर सीबीआई का सामना करने को भी तैयार हैं. वो खुद को निर्दोष साबित करेंगे. उन्होंने कहा कि अगर उनके खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न के आरोप सही साबित होते हैं तो वो खुद को फांसी लगा लेंगे.
रेसलिंग फेडरेशन और बृजभूषण शरण के खिलाफ ओलंपिक मेडल जीतने वाले खिलाड़ी समेत कई पहलवान धरने पर बैठे हैं. महिला खिलाड़ियों ने बृजभूषण सिंह और दूसरे कोच के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. इसके अलावा खिलाड़ियों ने उन पर 'तानाशाही करने' का भी आरोप लगाया. खिलाड़ियों की मांग है कि बृजभूषण सिंह अध्यक्ष पद से इस्तीफा दें और रेसलिंग फेडरेशन को भंग किया जाए.
इन सभी आरोपों पर बृजभूषण शरण ने इंडिया टुडे से कहा,
“मैंने पहले दिन ही कहा था कि अगर उनके पास कोई प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक करें. मैंने ये भी कहा था कि अगर मेरे खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप साबित होते हैं तो मैं फांसी पर लटकने को तैयार हूं. मैं FIR का सामना करने को तैयार हूं. मैं सीबीआई का सामना करने को तैयार हूं. मैं भारत की सबसे ऊपरी कानूनी कार्रवाई के लिए भी तैयार हूं.”
इससे पहले खिलाड़ियों के धरने को लेकर खेल मंत्रालय ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया से 72 घंटे के भीतर जवाब मांगा था. मंत्रालय ने कहा था कि अगर WFI ने अगले तीन दिनों में जवाब नहीं दिया, तो खेल मंत्रालय ‘राष्ट्रीय खेल विकास संहिता, 2011’ के प्रावधानों के तहत कुश्ती महासंघ के खिलाफ कार्रवाई करेगा.
वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीत चुकीं विनेश फोगाट ने आरोप लगाया था कि नेशनल कैंप्स में नियुक्त कुछ कोच सालों से महिला खिलाड़ियों का यौन उत्पीड़न कर रहे हैं. उनमें WFI अध्यक्ष बृजभूषण सिंह भी शामिल हैं. जंतर-मंतर पर जो खिलाड़ी फेडरेशन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, उनमें विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के अलावा रियो ओलंपिक की ब्रॉन्ज़ मेडल विजेता साक्षी मलिक, सरिता मोर, संगीता फोगाट, सत्यव्रत मलिक, जितेंद्र किन्हा और सुमित मलिक समेत 30 रेसलर्स शामिल हैं.
देश के बड़े पहलवान जिन WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ खड़े, वो हैं कौन?
















