The Lallantop

जहां वोटिंग के बाद EVM रखी थीं, उस स्ट्रॉन्ग रूम की सील टूटी मिली

प्रशासन ने जो वजह बताई, वो जानकर आपके तोते उड़ जाएंगे.

Advertisement
post-main-image
यहीं रखी हुई हैं EVM
लोकसभा चुनाव 2019 पूरी उठान पर है. कुल सात चरणों में होने वाले इस चुनाव के तीसरे चरण का मतदान 23 अप्रैल को हो चुका है. इसी तीसरे चरण के बाद उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक ख़बर आई. बदायूं से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हैं धर्मेंद्र यादव. पिछली बार भी बदायूं से ही सांसद थे.  मुलायम सिंह यादव के भतीजे धर्मेंद्र यादव 2014 में भी बड़े अंतर से जीते थे. उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार को 1,66,347 वोटों से हराया था. इन्हीं धर्मेंद्र यादव ने गुरुवार को ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया है. इनकी शिकायत है कि
सम्भल जिले के बहजोई मंडी समिति परिसर में जिला प्रशासन ने चुनाव बाद स्ट्रॉन्ग रूम में रखी गई ईवीएम मशीनों की अदला-बदली और उनसे छेड़छाड़ की. ये सारी कोशिशें भाजपा उम्मीदवार को जिताने के लिए की जा रही हैं. 24 अप्रैल की शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक कुछ बड़ा घपला हुआ है, जिसका एक विडियो भी वायरल हुआ, इसमें स्ट्रॉन्ग रूम के उस कमरे की सील टूटी हुई स्पष्ट नजर आ रही है, जिसमें बदायूं लोकसभा की गुन्नौर विधानसभा की ईवीएम मशीनें रखी गई हैं. धर्मेंद्र जिस वीडियो की बात कर रहे हैं वो भी देख लीजिए -
भारत में चुनाव हों और आरोप न लगे लगाएं जाएं, ऐसा हो ही नहीं सकता . लेकिन इस आरोप और वीडियो से इतर जिस बात पर ध्यान दिया जाना चाहिए, वो है सफ़ाई. स्वच्छ भारत वाली नहीं, आरोप लगने के बाद दी जाने वाली सफ़ाई. सम्भल के एडीएम (प्रशासन) हैं लवकुश त्रिपाठी.  उन्होंने सफ़ाई देते हुए जवाब ही ऐसा दिया है कि कोई भी माथा पीट ले. पहले उन्हीं की बात सुन लीजिए. उनका कहना है कि
स्ट्रॉन्ग रूम में गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के कमरे के आउटर गेट पर एक तोता फंस गया था. जिसको निकालने के प्रयास में जाली खिसक गई थी. जिससे उनको लगा होगा कि कोई हरकत हुई है, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है.
धर्मेंद्र यादव का आरोप है - बाक़ायदा सील तोड़कर मशीनों की अदला-बदली हुई और बाद में नया ताला लगा दिया गया. उधर सम्भल जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने इन सभी आरोपों को बिल्कुल गलत, सरासर झूठ, निराधार, वग़ैरह बता ही दिया  है. इधर धर्मेंद्र यादव कह रहे हैं कि सीसीटीवी फुटेज दिखाओ, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. लेकिन हम कह रहे हैं कि भाई साब दूध में पानी मिलाओ ही मत ना.
वीडियो: 'सलीम शेरवानी जीत गए तो दोबारा दिखे नहीं, धर्मेंद्र लोगों से मिलते तो हैं'

Advertisement
Advertisement