सच्चाई क्या है? हमने तस्वीर की जांच की तो मालूम पड़ा कि ऐसा कतई नहीं है कि जिस आदमी ने हार्दिक पटेल को थप्पड़ मारा, वो राहुल गांधी का ख़ास है और उन्ही के इशारे पर ऐसा हुआ है. हमें एक खबर का लिंक मिला जो कि हिन्दुस्तान टाइम्स की वेबसाइट पर थी. इसमें मौजूद तस्वीर में राहुल गांधी के पीछे वही शख्स है जो कि शेयर की जा रही ग़लत खबरों में दिखाई दे रहा है. असल में राहुल गांधी के पीछे अनुग्रह नारायण सिंह हैं. ये एक इत्तेफ़ाक है कि हार्दिक को थप्पड़ मारने वाले शख्स की शक्ल थोड़ी बहुत (बहुत ही थोड़ी) अनुग्रह नारायण सिंह से मिलती है. अनुग्रह की जिस फोटो को हार्दिक पटेल को थप्पड़ मारने वाला बता कर शेयर किया जा रहा है वो फोटो इलाहाबाद की है, जहां साल 2016 में वो एक रैली में पहुंचे हुए थे. यहीं राहुल गांधी ने किसान यात्रा निकाली थी. ये तस्वीर उसी रैली की है. अनुग्रह नारायण सिंह इलाहाबाद उत्तर से 4 बार विधायक रहे हैं. 2017 में इसी सीट से हार गए थे. इस समय वह उत्तराखंड कांग्रेस के प्रभारी हैं.
तो मुद्दा ये है कि हार्दिक पटेल को थप्पड़ जड़ने वाला शख्स राहुल गांधी का न ही करीबी है और न ही उसका कांग्रेस से कोई लेना-देना है. हार्दिक को थप्पड़ मारने वाले का नाम तरुण गज्जर है. सुरेंद्रनगर के एसपी महेंद्र बघेडिया ने बताया कि वह किसी भी राजनीतिक पार्टी ने नहीं जुड़ा हुआ है. तरुण ने बताया-
जिस वक्त पाटीदार आंदोलन चल रहा था उस दौरान मेरी पत्नी प्रेग्नेंट थी. हॉस्पिटल में उसका ट्रीटमेंट चल रहा था. उस दौरान मुझे बहुत दिक्कतें आईं. मैंने उसी वक्त सोच लिया था कि मैं इस बंदे को मारूंगा. मुझे कैसे भी करके उसे सबक सिखाना था. एक बार फिर अहमदाबाद में एक रैली की वजह से मैं अपने बच्चे के लिए दवाएं नहीं ले सका था क्योंकि सब कुछ बंद था. हार्दिक पटेल सड़कें बंद कर देता है, वह जब चाहे गुजरात को बंद कर देता है, है क्या वह? गुजरात का हिटलर है?इस तरह हमारी पड़ताल में पता चला कि ट्विटर, व्हाट्सैप और बाकी जगहों राहुल गांधी के साथ खड़े जिस व्यक्ति को हार्दिक पटेल को पीटने वाला बताया जा रहा है, वह व्यक्ति कोई और है. जबकि हार्दिक को थप्पड़ मारने वाला व्यक्ति कोई और है. तस्वीर में जो दावा किया जा रहा है उसका वास्तविकता से कोई सम्बन्ध नहीं है. आपके पास भी कोई पोस्ट या फिर तस्वीर या फिर कोई वीडियो हो, जिसपर आपको शक हो तो उसकी पड़ताल के लिए भेजिए padtaalmail@gmail.com पर. हम उसकी पड़ताल करेंगे और आपको उसकी हकीकत बताएंगे.
पड़ताल: क्या लालकृष्ण आडवाणी ने कहा है कि BJP की इस चुनाव में सिर्फ 120 सीटें आएंगी?












