The Lallantop

अफ्रीकी देश सिएरा लियोन में तेल से भरे टैंकर में धमाका, 90 से ज्यादा लोगों की मौत

100 से ज्यादा घायल.

Advertisement
post-main-image
हादसे से पहले टैंकर के पास जमा लोगों की भीड़ (फोटो-PTI)
अफ्रीकी देश सिएरा लियोन की राजधानी फ्रीटाउन में हुए भीषण धमाके में 90 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है. हादसे में 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेल से भरे टैंकर को एक ट्रक ने टक्कर मार दी. घटना शुक्रवार, 5 नवंबर शाम की है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी की टैंकर फट गया और आग लग गई. इस हादसे की चपेट में उस समय सड़क पर मौजूद लोग आ गए. कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों की हालत देख लगता है की मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. स्थानीय मीडिया में प्रसारित फुटेज में धमाके के आसपास के इलाकों में काला धुआं और लोगों की लाशें दिख रही हैं. राहत और बचाव में पुलिस और स्थानीय प्रशासन की कई टीमों को तैनात किया गया है. सिएरा लियोन की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के अध्यक्ष के मुताबिक अभी तक 91 लोगों की मौत हुई है. सियरा लियोन के राष्ट्रपति जूलियस माडा बायो ने एक ट्वीट में कहा कि उनकी सरकार प्रभावित परिवारों की सहायता करने के लिए सब कुछ करेगी. फ़्रीटाउन के मेयर यवोन अकी-सॉयर ने भी इस हादसे को बेहद दुखद बताया है. उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक हमें मृतकों या घायलों की निश्चित संख्या की जानकारी नहीं मिल सकी है. वहीं उप स्वास्थ्य मंत्री अमारा जंबाई ने बताया कि अस्पतालों और क्लीनिक में इलाज के लिए 100 से अधिक लोगों को भर्ती कराया गया है. सियरे लियोन की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी की प्रमुख ब्रिमा ब्यूरेह सेसे ने स्थानीय मीडिया को बताया कि यह घटना एक बहुत भयानक आपदा है. माना जाता है कि विस्फोट शहर के वेलिंगटन क्षेत्र में व्यस्त चोइथराम सुपरमार्केट के बाहर हुआ. एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इस धमाके में लोगों से भरी एक बस पूरी तरह से जल गई, जबकि सड़कों पर फ्यूल लीक होने से आस-पास की दुकानें और बाजार के स्टॉल आग की चपेट में आ गए.

Advertisement
Advertisement