The Lallantop

कोई कुछ भी कहे लेकिन इंडियन टीम के कोच की ये बात बहाना ही लगेगी!

IPL 2021 के बाद ब्रेक चाहिए था.

Advertisement
post-main-image
प्रैक्टिस के दौरान चर्चा करते Bharat Arun, Rohit Sharma और Ravi Shastri (पीटीआई फाइल)
इंडियन क्रिकेट टीम T20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है. कई साल बाद ऐसा हुआ है जब भारतीय टीम किसी वर्ल्ड कप के अपने आखिरी मैच से पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई. टीम इंडिया को अपने पहले दो मैचों में बुरी तरह मिली हार का खामियाजा भुगतना पड़ा. भारत को पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड से हार मिली थी. और इसके बाद टीम अपने बचे हुए दो मैच बड़े अंतर से जीतकर भी सेमीफाइनल की रेस में नहीं टिक पाई. यूं तो टीम इंडिया के इस प्रदर्शन के कई कारण हैं. लेकिन बोलिंग कोच भरत अरुण की मानें तो अगर टीम को IPL के बाद छोटा ब्रेक मिल जाता तो चीजें अलग हो सकती थीं. अरुण ने 8 नवंबर को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच से पहले कहा,
'आदर्श स्थिति में IPL और T20 वर्ल्ड कर के बीच एक छोटा ब्रेक सही रहता. मैं कोई बहाना नहीं बना रहा. यह प्लेयर्स पिछले छह महीने से लगातार खेल रहे हैं और बबल के अंदर यह आसान नहीं होता.'
अरुण ने यह भी कहा कि बाद में बैटिंग करने वाली टीम को मिलने वाले एडवांटेज से भी टीम पर असर पड़ा. बता दें कि बीते शुक्रवार, 5 नवंबर को टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट में पहली बार टॉस जीता. और टॉस हारने के चलते ही टीम को पहले दो मैचों में 10 और आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. अरुण ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा,
'मैं बहाना बनाने की कोशिश नहीं कर रहा लेकिन इस वर्ल्ड कप में एक ट्रेंड सा था कि जो टीम टॉस जीतती थी उसे बड़ा एडवांटेज मिल जाता था, खासतौर से जब आप दुबई में खेल रहे हों. दूसरी पारी में बोलिंग करते हुए विकेट बैटिंग के लिए आसान हो जाता था, यह कोई बहाना नहीं है, हमें बेहतर करना चाहिए था, हमें बेहतर बैटिंग करनी चाहिए थे. पहले मैच में हमारे पास अपना टोटल डिफेंड करने का मौका था लेकिन हम उस मैच में अच्छे नहीं दिखे.'
बता दें कि न्यूज़ीलैंड के हाथों अफ़ग़ानिस्तान की हार के साथ ही टीम इंडिया का वर्ल्ड कप कैम्पेन खत्म हो गया है. और इसका मतलब है कि 8 नवंबर को नामीबिया के खिलाफ होने वाला मैच टीम इंडिया के लिए भरत अरुण और रवि शास्त्री का आखिरी मैच होगा. अरुण ने इस बारे में कहा,
'मैं सोचता हूं कि यह मेरे लिए एक कमाल की यात्रा रही है, इसमें कई उतार-चढ़ाव आए लेकिन मैं सोचता हूं कि टीम अब उस वक्त से काफी बेहतर हालात में है जब हमने इसे जॉइन किया था. इससे काफी खुश हूं. इस यात्रा का हाईएस्ट पॉइंट जाहिर तौर पर हमारे पास मौजूद बोलिंग है. हमने एक टीम के रूप में विदेशों में सफलता हासिल करने के लिए बहुत मेहनत की और हमने फिर उसे अचीव भी किया. इसका हाईएस्ट पॉइंट ऑस्ट्रेलिया में लगातार दो टेस्ट सीरीज जीतना रहेगा.'
रिपोर्ट्स हैं कि भरत अरुण और रवि शास्त्री वर्ल्ड कप के बाद IPL फ्रैंचाइजी अहमदाबाद की कोचिंग संभालेंगे. हालांकि अभी तक दोनों ही पक्षों ने इस ख़बर की पुष्टि नहीं की है.

Advertisement
Advertisement