महाराष्ट्र की सियासी लड़ाई में लगातार अपडेट आते रहते हैं. खबर आई कि 12 अगस्त को शरद पवार (Sharad Pawar) ने अपने भतीजे अजित पवार (Ajit Pawar) के साथ सीक्रेट मीटिंग की. जिसके बाद सियासी गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे. क्या शरद पवार अपने भतीजे को मनाने की कोशिश कर रहे? क्या शरद पवार भी NDA का हिस्सा बन सकते हैं? अब इन सब सवालों का जवाब खुद शरद पवार ने ही दिया है.
भतीजे के साथ सीक्रेट मीटिंग कर शरद पवार ऐसा क्या बोले जो INDIA गठबंधन की टेंशन बढ़ा देगा?
शरद पवार और अजित पवार की मीटिंग पर संजय राउत ने क्या चिंता जताई? शरद पवार ने BJP में जाने को लेकर क्या कहा?


पवार ने कहा कि उनकी पार्टी BJP के साथ नहीं जाएगी, हालांकि कुछ ‘शुभचिंतक’ उन्हें इसके लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि NCP के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में वो ये स्पष्ट कर रहे हैं कि उनकी पार्टी BJP के साथ नहीं जाएगी. भारतीय जनता पार्टी के साथ कोई भी जुड़ाव NCP की राजनीतिक नीति में फिट नहीं बैठता है. हममें से कुछ लोगों ने एक अलग रुख अपनाया है. अब हमारे कुछ शुभचिंतक यह देखने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या हमारे रुख में कोई बदलाव हो सकता है? यही कारण है कि वे सौहार्दपूर्ण चर्चा करने की कोशिश कर रहे हैं.
इसके साथ ही शरद पवार ने अपने भतीजे अजित पवार के साथ हुई सीक्रेट मीटिंग को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि यह कोई सीक्रेट मीटिंग नहीं थी. भतीजे से मिलने में क्या गलत है? अगर परिवार का कोई सीनियर मेंबर परिवार के किसी अन्य सदस्य से मिलना चाहता है, तो इसमें कोई समस्या नहीं है. शरद पवार ने कहा कि अजित पवार उनके भतीजे हैं और वो अपने परिवार से सबसे वरिष्ठ सदस्य हैं. ऐसे में मुलाकात में कोई बुराई नहीं है.
शरद पवार ने आगे कहा कि लोग महाराष्ट्र की बागडोर फिर से महाविकास अघाड़ी को सौंपेंगे. महाविकास अघाड़ी में शिवसेना (उद्धव गुट), NCP (शरद पवार गुट) और कांग्रेस शामिल हैं.
संजय राउत का बयानवहीं शरद पवार और अजित पवार की मीटिंग के बाद शिवसेना नेता संजय राउत का भी बयान सामने आया. राउत ने इस मुलाकात को लेकर कहा कि शरद पवार और अजित पवार की मुलाकात के बाद फैलाई जा रही अफवाहों को लेकर हमारी चर्चा हुई. इस तरह की अफवाहें चिंताजनक हैं. हम इस बारे में शरद पवार से बात करेंगे.
बताते चलें कि 2 जुलाई को शरद पवार के भतीजे अजित पवार एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल हो गए थे. अजित पवार ने सरकार में डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी. इस दौरान अजित पवार के साथ छगन भुजबल, धनंजय मुंडे समेत 8 विधायकों NDA सरकार में मंत्री पद की शपथ ली थी. इसके बाद से ही शरद पवार और अजित पवार के बीच कई बार मीटिंग हो चुकी है.
वीडियो: ‘मेरी उम्र देश को लग जाए’ वायरल सब्जीवाले रामेश्वर ने गरीबी पर बोल राहुल गांधी से क्या कहा?


















