पेड प्रिव्यू. किसी बड़ी फिल्म की रिलीज़ के दौरान अक्सर सुना होगा आपने कि उसका पेड प्रिव्यू रखा गया है. पेड प्रिव्यू माने फिल्म की रिलीज़ डेट से पहले उसे देखने का मौक़ा. ज़ाहिर है टिकट खरीदकर. अक्सर इसके टिकट्स भी थोड़े महंगे ही होते हैं. फिल्म को जल्द से जल्द देखने के शौक़ीन बड़ी संख्या में पहुंचते हैं पेड़ प्रिव्यू देखने. करणी सेना ने भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' पर जितना चाहे बवाल किया हो लेकिन उसका पेड़ प्रिव्यू शानदार रहा. न सिर्फ बंपर कमाई हुई बल्कि कई सारे सेलेब्रिटीज़ उसे देखने के बाद फिल्म की तारीफ़ करते पाए गए. फिल्म 25 जनवरी को रिलीज़ हुई. एक दिन पहले यानी 24 जनवरी को इसकी पेड़ स्क्रीनिंग रखी गई थी.
इसके ज़रिए फिल्म ने पांच करोड़ रुपए कमा लिए हैं.
ये एक उम्दा आंकड़ा है. इससे ये झलक मिलती है कि फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन शानदार रहने वाला है. ट्रेड एनालिस्ट तरन आदर्श ने ट्वीट करके 'पद्मावत' के पेड प्रिव्यू कलेक्शन की जानकारी दी.

इसके अलावा तरन आदर्श ने विदेश में फिल्म ने की कमाई के आंकड़े भी डाले. ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैण्ड, इंग्लैंड में भी फिल्म को बड़ा ही पॉजिटिव रिस्पोंस मिला है.

न सिर्फ ये बल्कि उन्होंने अपना एक शब्द का रिव्यू भी ट्विटर पर डाला. वो इकलौता शब्द था
'आउटस्टैंडिंग'. 
करणी सेना के विरोध का असर 'पद्मावत' के कलेक्शन पर पड़ेगा ज़रूर लेकिन कुछ चीज़ें उसके हक में भी है. एक तो इस सारे बवाल से फिल्म को बेशुमार पॉपुलैरिटी मिली है. प्रमोशन का सारा पैसा, मेहनत बच गई. दूसरा एक फैक्ट ये भी है कि इस हफ्ते और अगले हफ्ते फिल्म के सामने कोई और फिल्म नहीं है. पूरे दो हफ़्तों का खुल्ला मैदान है फिल्म के सामने. अक्षय कुमार की 'पैडमैन' आगे खिसका दी गई है. इसके अलावा 26 जनवरी की छुट्टी के साथ ही लगा हुआ वीकेंड आ रहा है. यानी तीन दिन का वीकेंड. ट्रेड पंडित कह रहे हैं कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ेगी.
'पद्मावत' बवाल पर और भी बहुत कुछ यहां पढ़ें:
‘पद्मावती’ दीपिका ने राजपूतों को जलाने वाला काम कर दिया है