21 फरवरी 2023, खेल की सुर्खियां:
भारतीय महिला क्रिकेट टीम का किस से होगा मैच, सानिया ने इंटरव्यू में क्या कहा?
21 फरवरी 2023 को खेल की सुर्खियां.


पहली सुर्खी, भारतीय विमेंस क्रिकेट से. सोमवार देर रात भारत ने आयरलैंड को पांच रन से हराकर T20 विश्वकप 2023 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. ग्रुप 2 में इस जीत के साथ भारत नंबर दो पर पहुंच गया है. ऐसी संभावना जताई जा रही है कि ग्रुप के मुकाबले पूरे होने पर भारत का सामना सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हो सकता है. भारत अगर नंबर दो पर बना रहता है तो उनका सेमीफाइनल मुकाबला गुरुवार 23 फरवरी को होगा. इससे पहले साल 2020 में भारत T20 विश्वकप के फाइनल तक पहुंचा था. जहां उनकी ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार हुई थी.
इसके अलावा महिला टीम दो बार क्रिकेट विश्वकप के फाइनल में भी पहुंची है. लेकिन अब तक पहला ICC खिताब उनके नाम नहीं कर सकी है.
दूसरी सुर्खी, ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम से. ट्रॉफी वापस लेने के इरादे से भारत के साथ चार मैच की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलने आई ऑस्ट्रेलियाई टीम मुश्किल में फंस गई है. टीम ने पहले दोनों मुकाबले जिस तरह से गंवाए हैं. उसके बाद भारत आया उनका दल छोटा होने लगा है. जोश हेज़लवुड चोटिल होकर पहले ही घर लौट गए हैं. वहीं पेट कमिंस भी घरेलू कारणों से घर गए हैं. मंगलवार सुबह डेविड वॉर्नर भी कोहनी की चोट की वजह से आखिरी दो टेस्ट से बाहर हो गए हैं. ऐसे में ऑस्ट्रेलियन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एश्टन एगर और मैट रेनशॉ भी आखिरी दो टेस्ट की योजना में फिट नहीं बैठे तो वापस घर भेज दिए जाएंगे. आपको बता दें कि टेस्ट सीरीज़ के बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज़ है और फिर IPL के लिए भी कुछ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भारत में रहेंगे.
तीसरी सुर्खी, तीरंदाजी से. पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 दीपिका कुमारी साल 2023 के आखिर में हांगझोऊ में होने वाले एशियन गेम्स 2022 के लिए भारतीय तीरंदाज़ी टीम में जगह नहीं बना पाईं हैं. जबकि उनके पति अतनु दास इन गेम्स के लिए जगह बनाने में कामयाब रहे हैं. SAI सोनीपत में एशियन गेम्स, एशियन चैंपियनशिप, वर्ल्ड चैंपियनशिप और 2023 में चार तीरंदाज़ी वर्ल्ड कप के लिए भारतीय तीरंदाज़ी टीम का चयन राष्ट्रीय ट्रायल के बाद किया गया. दीपिका कुमारी और अतनु दास दोनों ही पिछले साल टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे थे, लेकिन हांगझोऊ एशियन गेम्स को एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया. जिसके बाद दोनों तीरंदाज़ों को फ़िर से क्वलिफ़िकेशन राउंड में आने का मौक़ा मिला.
चौथी सुर्खी, भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा ने हाल में दुबई में अपने घर पर एक इंटरव्यू दिया है. सानिया मिर्जा ने कहा है कि उन्हें जिंदगी अपनी शर्तों पर जीने का कोई मलाल नहीं है. उनका मानना है कि वह बस ‘अपनी शर्तों पर’ जीवन जीना चाहती हैं. उन्होंने कहा,
'मैं ईमानदारी के साथ रहने की कोशिश करती हूं. और मैंने जिंदगी को अपनी शर्तों पर जीने की कोशिश की है. मुझे लगता है कि हर किसी को ऐसा करने में सक्षम होना चाहिए. किसी के लिए यह नहीं कहना चाहिये कि आप नये मानदंड गढ़ रहे हैं. आप नियम तोड़ रहे हैं क्योंकि आप कुछ ऐसा कर रहे हैं जो आप करना चाहते हैं.'
सानिया ने आगे कहा,
‘यह एक ऐसी चीज है जिस पर मुझे बहुत गर्व है क्योंकि यह जरूरी नहीं कि मैं दूसरों से अलग रहूं. मैं आपके लिए अलग हो सकती हूं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मैं कोई बागी हूं, या किसी तरह के नियम तोड़ रही हूं.’
दिनभर की खेल की सुर्खियों का वीडियो देखने के लिए लिए हमारे चैनल लल्लनटॉप स्पोर्ट्स को सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.
वीडियो: पृथ्वी शॉ पर अब सपना गिल ने 10 गंभीर आरोप लगाए, जेल जाना होगा?






















