The Lallantop

राजस्थान: चांदी के कड़े लूटने के लिए एक और महिला के पैर काट दिए गए

राजस्थान में कीमती कड़े पहनने वाली महिलाएं लुटेरों के निशाने पर.

Advertisement
post-main-image
राजस्थान पुलिस (सांकेतिक तस्वीर)
भारत में लूटपाट की छोटी-बड़ी घटनाएं आम हैं. हम इनके इतने आदी हो चुके हैं कि ऐसी ज्यादातर वारदातें अब हमें तब तक प्रभावित नहीं करतीं, जब तक कि वे खुद अपने साथ ना हो जाएं. लेकिन कुछ घटनाएं ध्यान खींचती हैं, जिनमें लूट को अंजाम देने के लिए अपराधी कभी गजब दिमाग चलाते हैं तो कभी बेरहमी की हद पार कर देते हैं. राजस्थान के राजसमंद में ऐसी ही घटना सामने आई है. यहां एक महिला के पैर से चांदी के कड़े निकालने के लिए लुटेरों ने उसके पैर ही काट डाले. वारदात में महिला की मौत हो गई. बीते एक महीने में राजस्थान में रिपोर्ट हुआ इस तरह का ये दूसरा मामला है.

महिला के पूरे शरीर पर चोटों के निशान

इंडिया टुडे के मुताबिक घटना की पीड़ित का नाम कंकूबाई है. सोमवार 15 नवंबर को 45 वर्षीय कंकूबाई अपने घर से निकलीं. खेत में काम कर रहे पति के लिए खाना लेकर. लेकिन कंकूबाई खेत नहीं पहुंचीं. कुछ समय बाद कंकू के पति घर आए. वहां पत्नी को ना पाकर बच्चों से पूछा. उन्होंने बताया कि मां तो सुबह ही खेत में खाना देने के लिए घर से निकली थीं. इसके बाद कंकू पति परिजनों को साथ लेकर उन्हें तलाशने निकले. देर रात तक कहीं कोई सुराग नहीं मिला. निराश परिजनों ने कंकू के गुमशुदा होने की रिपोर्ट चारभुजा थाने में दर्ज करा दी. अगले दिन सुबह पुलिस को सूचना मिली कि खेत में एक पेड़ के नीचे एक महिला का शव पड़ा हुआ है. घटनास्थल पर पुलिस ने पाया कि मृतक महिला कंकूबाई ही है.

पुलिस ने संदिग्धों को किया गिरफ़्तार

इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक पुलिस ने पाया कि महिला के दोनों पैरों को किसी धारदार हथियार से काटा गया है. साथ ही महिला के पैरों से चांदी के कड़े भी गायब थे. पुलिस के मुताबिक महिला के पूरे शरीर पर चोटों के निशान थे. गले के पास भी घाव देखा गया है. उसका कहना है कि पीड़िता के शरीर पर मिले चोटों के निशानों को देखकर यही लगता है कि लुटेरों के साथ महिला ने संघर्ष किया है. फिलहाल पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर लिया है. ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने एक संदिग्ध को घटनास्थल पर देखा था. वहीं राजसमंद के SP शिवलाल ने बताया कि पुलिस ने महिला की हत्या के संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जल्दी ही गिरफ़्तारी होगी.

पहले भी हुई है बर्बर लूट

राजस्थान में लूट के लिए ऐसी बर्बरता करने का ये पहला मामला नहीं है. कुछ ही दिन पहले जयपुर ग्रामीण के जामवारारामगढ़ में भी इसी तरह की घटना देखने को मिली थी. तब गीता देवी नाम की एक महिला से गहने लूटने के लिए कुल्हाड़ी से उसकी हत्या की गई. आरोपी ने पीड़िता के सिर और गले पर जोरदार वार किया, जिससे महिला की मौत हो गई. इसके बाद पैरों से चांदी के कड़े निकालने के लिए महिला के पैर ही काट दिए गए. राजस्थान में महिलाओं का हाथ-पैरों में कड़े पहनना आम है. ये कड़े तांबे-पीतल से लेकर चांदी-सोने के भी होते हैं. इन दोनों घटनाओं से संकेत जा रहा है कि महंगे कड़े पहनने वाली महिलाएं लुटेरों के खास निशाने पर हैं.

Advertisement
Advertisement