लोग ऋचा की फिल्म 'मैडम चीफ मिनिस्टर' को मायावती की बायोपिक समझ रहे हैं. फोटो - ट्विटर
ऋचा चड्ढा की नई फिल्म का पोस्टर रिलीज़ हुआ. नाम है ‘मैडम चीफ मिनिस्टर’. फिल्म इसी महीने 22 तारीख को रिलीज़ होगी, और वो भी थिएटर्स पर. पोस्टर में ऋचा एक हाथ में झाड़ू लिए खड़ी हैं. नीचे लिखा है, ‘अनटचेबल, अनस्टॉपेबल’. ऋचा ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा,
अपनी नई मूवी ‘मैडम चीफ मिनिस्टर’ को पेश करते हुए खुशी हो रही है. एक पॉलिटिकल ड्रामा, जहां एक अनटचेबल मेहनत करती है और लाइफ में कुछ बड़ा कर जाती है.
इसी के बाद बखेड़ा खड़ा हुआ. लोग अनुमान लगाने लगे कि फिल्म उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की कहानी है. कहने लगे कि मायावती ने राजनीति में आने से पहले बतौर टीचर काम किया है. और यहां आप उन्हें हाथ में झाड़ू पकड़े दिखा रहे हैं. एक ने लिखा,
मुझे तब उठाना, जब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री दलित एक्टर्स को मेजर रोल देना शुरू कर दे.
दूसरे यूज़र ने लिखा,
कई सालों से बॉलीवुड जाति के भेदभाव को खत्म करने और प्रोग्रेसिव सिनेमा बनाने का नाटक कर रहा है. जबकि वो लगातार इसी भेदभाव को बढ़ावा देता जा रहा है. एक दलित लीडर जो सीएम बनने वाली है, उसके हाथ में झाड़ू का क्या काम?
ऐसे ही पॉइंट्स पर फिल्म को लगातार ट्रोल किया गया. ऋचा या टीम की तरफ से कोई जवाब नहीं आया. फिर एक यूज़र ने ऋचा को टैग कर लिखा,
अगर फिल्म मैडम चीफ मिनिस्टर में आदरणीय बहन कुमारी मायावती जी के बारे में कुछ भी गलत या तोड़ मरोड़ कर दिखाया तो बहुत बुरा होगा ब्राह्मण फिल्म स्टारों. कान खोलकर सुन लो, बहन जी का अपमान हम कभी नहीं सहेंगे. वो हमारी आदर्श हैं.
ऋचा ने इस यूज़र को जवाब दिया. लिखा, आपकी धमकी बहुत प्यारी है. फिल्म के सभी पात्र काल्पनिक हैं. और मै ब्राह्मण नहीं हूं.
बता दें कि फिल्म के राइटर-डायरेक्टर सुभाष कपूर हैं. जो इससे पहले ‘जॉली एलएलबी’ सीरीज़ बना चुके हैं. फिल्म में ऋचा के अलावा सौरभ शुक्ला और मानव कौल भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे. इसका ट्रेलर कल रिलीज़ किया जाएगा.