The Lallantop

'मैडम चीफ मिनिस्टर' के दलित लड़की वाले पोस्टर बवाल पर ऋचा चड्ढा का करारा बयान आया

फिल्म के पोस्टर में ऋचा झाड़ू लिए खड़ी थीं, जिसे देखकर लोग भड़क गए थे.

Advertisement
post-main-image
ऋचा चड्ढा की इस फिल्म को पहले लगातार मायावती की बायोपिक बताया जा रहा था. फोटो - इंस्टाग्राम
ऋचा चड्ढा की नई फिल्म आ रही है. नाम है ‘मैडम चीफ मिनिस्टर’. कुछ समय पहले फिल्म का पोस्टर रिलीज़ किया गया था. जिसपर जमकर बवाल हुआ. फिल्म में ऋचा का किरदार एक दलित लड़की का है. जो पोस्टर में हाथ में झाड़ू थामे खड़ी है. लोगों ने आपत्ति उठाई. कहा दलितों को कब तक ऐसे ही दिखाओगे. लोगों ने ऋचा के किरदार को भी उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती से जोड़ा था.
Madam Chief Minister
इसी पोस्टर से सारा बखेड़ा खड़ा हुआ था. फोटो - पोस्टर

मेकर्स तक भी बात पहुंची. क्यूंकि इसके बाद आए ट्रेलर में डिस्क्लेमर ऐड किया गया. फिल्म और उसके किरदार पूरी तरह काल्पनिक हैं. उस समय टीम की तरफ से किसी का कोई बयान नहीं आया. पर अब ऋचा चड्ढा ने एक स्टेट्मेंट जारी किया है. इंस्टाग्राम पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर स्टीरियोटाइपिंग के लिए माफ़ी मांगी है. ऋचा ने पोस्ट में लिखा,
फिल्म, मेरे और बाकी सभी लोगों के लिए एक सीखने वाला अनुभव थी. इस वजह से प्रोमोशन भी कुछ अलग नहीं थे. फिल्म के पहले ही पोस्टर की खूब आलोचना हुई. जो कि सही भी थी. मेरे और मेरी प्रिविलेज्ड आंखों के लिए जो केवल एक प्रॉप था, वो काफी लोगों के लिए दलितों का स्टिरियोटिपिकल चित्रण था.

अपनी बात बढ़ाते हुए ऋचा ने आगे लिखा,
बतौर एक्टर, मुझे प्रोमोशन का सारा सामान मिलता है. मेरा ये सब डिज़ाइन करने में कोई हाथ नहीं रहता. पर इसका ये भी मतलब नहीं कि मैं मेकर्स को दोषी ठहरा रही हूं. उन्होंने अनजाने में हुई इस भूल को माना और फौरन सुधार किया. जिस पोस्टर पर आपत्ति उठी, उसे वापस लिया. और अगले दिन नया पोस्टर रिलीज़ किया. ये नज़रअंदाज़ी पूरी तरह से अनजाने में हुई. जानबूझकर नहीं की गई. हम इसके लिए माफी मांगते हैं. हमारा दिल सही जगह पर है. उम्मीद करते हैं कि जब आप फिल्म देखेंगे तो ये चीज़ देख पाएंगे.
ऋचा फिल्म में तारा का किरदार निभा रही हैं. तारा के बारे में उन्होंने लिखा,
हमने ये फिल्म बड़े प्यार से बनाई है. जैसे हम सब ये कहानी बताने के एक मिशन पर थे. तारा एक ऐसी औरत है जो पेट्रीयार्की, जातीय शोषण और हिंसा के खिलाफ लड़ते हुए पॉलिटिक्स में टॉप पर पहुंचती है. बदलाव लेकर आती है. और वो ऐसा पूरे साहस के साथ करती है.
बता दें कि फिल्म 22 जनवरी को थिएटर्स पर रिलीज़ होगी. इसे ‘जॉली एलएलबी’ के डायरेक्टर सुभाष कपूर ने डायरेक्ट किया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement