The Lallantop

शशि थरूर को 'गधा' बोलने के बाद रेवंथ रेड्डी ने माफी मांगी तो क्या जवाब मिला?

तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष हैं रेवंथ रेड्डी.

Advertisement
post-main-image
शशि थरूर ने भी रेवंत रेड्डी की माफी कबूल कर ली
रेवंथ रेड्डी. तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष हैं. रेवंथ रेड्डी ने माफी मांगी है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर से. क्योंकि उन्होंने थरूर के लिए अपमानजनक टिप्पणी की थी. उन्हें 'गधा' बताते हुए पार्टी से निकाल देने की मांग तक कर डाली थी. इस पर हंगामा हो गया. बवाल बढ़ता देख रेवंथ रेड्डी को माफी मांगनी पड़ गई. शुरू में रेवंथ रेड्डी अपनी इस अपमानजनक टिप्पणी पर कुछ बोलने से बच रहे थे. लेकिन उनका ऑडियो क्लिप वायरल होने पर उन्हें माफी मांगने पर मजबूर होना पड़ा. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पिछले दिनों शशि थरूर ने एक ट्वीट में तेलंगाना के आईटी मंत्री केटी रामाराव के कामों की सराहना की थी. इसके बाद रेवंथ रेड्डी ने आईटी मंत्री केटी रामाराव पर हमला बोलते हुए शशि थरूर को भी लपेट लिया था. उन्होंने कहा था कि जिन्होंने भी केटी रामाराव की सराहना की है, उन्हें राज्य की स्थिति के बारे में मालूम होना चाहिए. केटी रामाराव के एक ट्वीट का जिक्र करते हुए रेड्डी ने कहा था,
"मंत्री के उस ट्वीट में उस गधे (शशि थरूर) को भी टैग किया जाना चाहिए था."
रेड्डी ने आगे कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि शशि थरूर को पार्टी से निकाल दिया जाएगा, क्योंकि वो पार्टी के लिए 'बोझ' हैं. बाद में रेवंथ रेड्डी के इस बयान का ऑडियो सामने आया, जिस पर रामाराव समेत कई कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताई. एक ट्वीट में केटी रामाराव ने कहा,
"आईटी स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष के रूप में शशि थरूर ने हाल ही में राज्य सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की थी. लेकिन संसद में उनके सहयोगी ने उन्हें गधा कहा. ऐसा तब होता है जब आपकी पार्टी का नेतृत्व करने वाला तीसरे दर्जे का अपराधी/ठग होता है.
रेवंथ पर भड़की कांग्रेस रेड्डी के बयान पर सिर्फ केटी ही नहीं भड़के. खुद शशि थरूर ने भी टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में इसे पूरी तरह अनुचित बताया. वहीं, कांग्रेस के मनीष तिवारी ने भी ट्वीट कर रेवंथ रेड्डी को नसीहत दी. मनीष तिवारी ने लिखा,
"डियर रेवंथ रेड्डी, शशि थरूर मेरे और आपके एक मूल्यवान सहयोगी हैं. बेहतर ये होता कि आप उनसे बात करते. आपने जो कहा वो अनुचित है. आपसे अनुरोध है कि अपने शब्दों को वापस लें."
बवाल ज्यादा ही तूल पकड़ता चला गया तो रेवंथ रेड्डी ने शशि थरूर से बात की और उनसे माफी मांगी. उन्होंने ट्विटर पर भी इसका जिक्र किया. गुरुवार को एक ट्वीट में उन्होंने कहा,
"मैंने शशि थरूर जी से बात की. उन्हें बताया कि मैं उन पर की गई टिप्पणी वापस लेता हूं. मैं अपने वरिष्ठ सहयोगी को सम्मान देता हूं. मेरे शब्दों से अगर उन्हें किसी भी प्रकार की चोट पहुंची है तो मुझे इसका खेद है."
एक और ट्वीट में रेड्डी ने लिखा,
"मुझे पता है कि तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए जनता का समर्थन दिलाने में वे (यानी शशि थरूर) मेरे साथ हैं."
  रेवंथ रेड्डी ने माफी मांग ली. शशि थरूर ने उन्हें माफ कर दिया. उनके ट्वीट के जवाब में कांग्रेस सांसद ने लिखा, "रेवंथ रेड्डी ने मुझे फोन किया और अपने कहे पर खेद जताया. मैं उनकी माफी कबूल करता हूं और इस दुर्भाग्यपूर्ण प्रकरण को पीछे छोड़ कर खुश हूं. हमें साथ काम करके कांग्रेस को तेलंगाना सहित पूरे देश में मजबूत करना होगा."

(यह ख़बर आपके लिए हमारे साथी साजिद ने लिखी है.)

Advertisement

Advertisement
Advertisement