गुजरात में राजकोट के TRP गेमिंग जोन में भड़की आग के चलते अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है (Rajkot Game Zone Fire Updates). मृतकों में 9 बच्चे भी शामिल हैं. मामले में तीन लोगों को अरेस्ट कर लिया गया है. खबर है कि गेमिंग जोन को फायर विभाग की ओर से NOC नहीं मिला था. ये भी पता चला है कि हादसे के वक्त गेम जोन में करीब तीन हजार लीटर डीजल और पेट्रोल रखा हुआ था. मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है.
राजकोट अग्निकांड: 99 रुपये की स्कीम, एक ही एग्जिट गेट और 3 हजार लीटर तेल, कैसे बना हादसा इतना बड़ा?
Rajkot TRP Gaming Zone Fire: गेम जोन के मालिक युवराज सिंह सोलंकी और मैनेजर नितिन जैन समेत तीन लोगों को अरेस्ट किया गया है. आगे की जांच के लिए SIT भी बन गई है. 27 लोगों की मौत हादसे में हुई है. हादसे में कई बड़ी खामियां सामने आई हैं.

आजतक से जुड़े बृजेश दोशी की रिपोर्ट के मुताबिक, अरेस्ट हुए लोगों में गेम जोन के मालिक युवराज सिंह सोलंकी और मैनेजर और एक अन्य शख्स शामिल है. पुलिस ने कहा था कि मामले में लापरवाही का केस दर्ज किया जाएगा.
आगे की जांच के लिए राज्य सरकार के आदेश पर SIT का गठन किया गया है. वरिष्ठ IPS अधिकारी सुभाष त्रिवेदी की अगुवाई में पांच अधिकारियों की टीम जांच करेगी. SIT प्रमुख सुभाष त्रिवेदी ने मीडिया को बताया,
आग किस वजह से लगी?किस विभाग ने क्या-क्या किया है, इसकी पूरी जांच की जाएगी. इसके लिए कौन जिम्मेदार है और क्या-क्या गलतियां हुई हैं, भविष्य में ऐसी घटना ना हो, इसके लिए क्या किया जाना चाहिए, इन सभी बातों की पूरी जांच की जाएगी.
रिपोर्ट के मुताबिक, कलेक्टर प्रभव जोशी ने जानकारी दी है कि आग इलेक्ट्रिक कारणों से लगी थी. हालांकि मुख्य वजह अभी तक सामने नहीं आई है. पता चला है कि गेमिंग जोन को फायर विभाग की ओर से NOC भी नहीं मिला था. अधिकारियों ने बताया है कि भीषण आग की वजह से ढांचा ढह गया और उसमें लोग दब गए. इसके चलते ये अग्निकांड और भयावह हो गया. ढांचे में दबे लोग निकल नहीं सके.
ये भी पता चला है कि हादसे के वक्त गेम जोन में जनरेटर के लिए 1500 से 2000 लीटर डीजल और गो कार रेसिंग के लिए 1000 से 1500 लीटर पेट्रोल रखा हुआ था. इसके चलते आग तेजी से फैली और पूरे गेम जोन को चपेट में ले लिया. गेम जोन में जाने और बाहर निकलने के लिए 6 से 7 फीट का एक ही रास्ता था.
खबर है कि हादसे वाले दिन 99 रुपये में एंट्री की स्कीम चल रही थी. इसकी वजह से बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए. स्थानीय लोगों ने बताया कि छुट्टियों के मौसम में यहां बड़ी संख्या में बच्चे आते हैं. घटना के मद्देनजर राजकोट के पुलिस आयुक्त राजू भार्गव ने बताया कि शहर के सभी गेमिंग क्षेत्रों को परिचालन बंद करने के लिए कहा गया है.
ये भी प़ढ़ें-गुजरात के राजकोट में आग लगने से बड़ा हादसा
इधर, राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारों के लिए 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है.
वीडियो: Ghazipur Landfill Fire: सुलगती आग पर लोग अरविंद केजरीवाल, MCD और BJP पर क्या बोले?









