उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक नाबालिग के गैंगरेप का मामला सामने आया है. आरोप तीन लोगों पर है. आलम ये है कि आरोपियों ने लड़की के प्राइवेट पार्ट को दांतों से काटकर जख्मी कर दिया, जिसकी वजह से पीड़िता इस समय गंभीर रूप से घायल है और पिछले 14 दिनों से उसका इलाज चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. मामला प्रयागराज के कौंधियारा थाना क्षेत्र के एक गांव का है. आरोप है कि गैंगरेप के बाद आरोपी पीड़िता को सड़क पर फेंककर फरार हो गए.
प्रयागराज: दांतों से काटा प्राइवेट पार्ट, 14 दिन से भर्ती, सड़क हादसा नहीं पीड़िता का गैंगरेप हुआ!
आरोप है कि गैंगरेप के बाद आरोपी पीड़िता को सड़क पर फेंककर फरार हो गए. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.


पीड़िता अपनी मां, दादी और एक छोटी बहन के साथ रहती है. उसके पिता मुंबई में एक प्राइवेट नौकरी करते हैं. लड़की ने इसी साल यूपी बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास की थी. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक बीते 10 अगस्त को एक युवक ने लड़की की मोबाइल पर कॉल करके मिलने के लिए बुलाया था. जब वो मुलाकात करने गईं तो उसने कथित तौर पर अपने दोस्तों के साथ मिलकर गैंगरेप किया.
आरोप है कि इसके बाद वो पीड़िता को कौंधियारा थाने से एक किलोमीटर दूर फेंककर भाग गए थे. लड़की के पूरे शरीर पर चोट के निशान हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक आधी रात को गश्त के दौरान पुलिस की नजर लड़की पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने पीड़िता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एडमिट कराया. लेकिन लड़की की स्थिति में सुधार नहीं आया, जिसके चलते उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में रेफर कर दिया गया. इस बीच पीड़िता के घर वालों को भी सूचना दी गई.
पहले कही गई एक्सीडेंट की बातइंडिया टुडे से जुड़े आनंद राज की रिपोर्ट के मुताबिक, 10 अगस्त की इस घटना को लेकर पहले ये कहा जा रहा था कि लड़की सड़क हादसे में घायल हो गई थी. उस समय परिवार की तहरीर में भी एक्सीडेंट होना बताया गया था. हालांकि, मुंबई से वापस आने के बाद पीड़िता के पिता ने एक नई तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने कहा है कि उनकी बेटी के साथ गैंगरेप हुआ है. पिता ने गांव के ही एक युवक और उसके साथियों पर आरोप लगाया है.
रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने FIR में पीड़ित नाबालिग को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया है. परिजनों का कहना है कि अगर वो पागल है, तो उसने इस साल इंटर कैसे पास कर लिया.
दैनिक भास्कर से बातचीत में पीड़िता के परिजनों ने ये भी आरोप लगया है कि कौंधियारा पुलिस आरोपियों को बचा रही है. उन्होंने कहा कि परिवार की ओर से जो तहरीर दी गई है, उसके आधार पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है और वो मनगढंत तरीके की कहानी बना रहे हैं.
इधर प्रयागराज (यमुनापार) एसपी सौरभ दीक्षित ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है, जो सच सामने आएगा उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: बिलकिस बानो गैंगरेप केस में सजा देने वाले जज ने गुजरात सरकार को लेकर क्या कहा?






















