उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक और दहशत भरा वीडियो सामने आया है. बीजेपी नेता के बेटे पर बम से हमला करने वाला वीडियो (Pryagraj Bomb Blast) सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो 6 अप्रैल की रात का बताया जा रहा है. आजतक से जुड़े संवाददाता पंकज श्रीवास्तव की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रयागराज में कुछ हमलावरों ने बीजेपी नेता के बेटे की कार पर दो बम फेंके. बमबाजी की घटना प्रयागराज के झूसी इलाके स्थित आवास विकास कॉलोनी की है. हमले के कारण कार क्षतिग्रस्त हो गई. सफारी कार में सवार बीजेपी नेता का बेटा और उसके साथी की जान बच गई.
BJP नेता की खड़ी सफारी में दो बम मार गए, लोगों को उमेश पाल कांड की याद आ गई!
दो बाइक पर सवार होकर आए थे छह बदमाश.
.webp?width=360)

रिपोर्ट के मुताबिक, एक सफारी कार में बीजेपी जिला मंत्री विजयलक्ष्मी चंदेल का बेटा विधान सिंह सवार था. विजयलक्ष्मी थानापुर ग्राम सभा से ग्राम प्रधान हैं. बीते 6 अप्रैल रात करीब 8 बजे विधान अपनी मौसी के घर गया हुआ था. इस दौरान दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने उसकी कार पर बम से हमला कर दिया. घटना का वीडियो यहां देखिए.
वीडियो में देखा जा सकता है कि सफेद रंग की सफारी कार एक गली में खड़ी है. गाड़ी के पीछे एक महिला स्कूटी लिए आती है. तभी कार के सामने से दो बाइक सवार आते हैं और एक के बाद एक दो बम कार पर फेंकते हैं. धमाका होता है, धुआं उड़ता है. जिसके तुरंत बाद विधान अपनी कार तेजी से भगाकर निकल जाता है. इस दौरान स्कूटी सवार महिला कार से टकराने से बच जाती है.
कुछ दिन पहले हुआ था विवादआजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, बताया गया कि कुछ दिन पहले विधान सिंह का शिवम यादव नाम के शख्स से विवाद हुआ था. शिवम कौशांबी में तैनात कॉन्सटेबल शिवबचन यादव का बेटा है. बताया जा रहा है कि बम फेंकने वालों में शिवम भी शामिल है. विधान से विवाद के बाद कॉन्सटेबल और उसके बेटे ने बीजेपी नेता के घर जाकर माफी भी मांगी थी.
घटना के बाद बीजेपी नेता विजयलक्ष्मी चंदेल ने आरोप लगाए हैं कि उनके बेटे को जान से मारने का प्रयास किया गया है. इस मामले में बीजेपी नेता ने झूसी थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इससे पहले प्रयागराज में बसपा विधायक राजू पाल की हत्या के मुख्य गवाल उमेश पाल की हत्या कर दी गई थी. उमेश पाल को उनके घर के बाहर गोलियां मारी गई थीं. इस दौरान बम भी फेंके गए थे.
वीडियो: बिहार के सासाराम में लल्लनटॉप को रामनवमी की हिंसा में पिटे शख्स ने आंखों देखी बताई





















