हुआ ये कि मध्य प्रदेश के माहेश्वर में अपनी अगली फिल्म 'दबंग 3' की शूटिंग खत्म कर मुंबई लौटे हैं. आगे की शूटिंग मुंबई में ही होनी है. समय मिलते ही 24 अप्रैल को सलमान मुंबई के लिंकिंग रोड पर अपनी साइकिल और बॉडीगार्ड्स का काफिला लेकर निकले थे. इतने में किसी राहगीर ने अपने फोन में उनकी वीडियो बनानी शुरू कर दी. सलमान ने आव देखा न ताव और उसका फोन छीन लिया. ऐसा कंप्लेंट में दावा किया गया है. अब उस आदमी ने डी.एन. नगर थाने में सलमान पर फोन छीनने और उनसे बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए कंप्लेंट दर्ज करवाया है.

मुंबई में साइक्लिंग करने के दौरान रेड लाइट पर खड़े सलमान. हाल ही में उन्होंने अपनी कंपनी बीइंग ह्यूमन की ई-साइकिल लॉन्च की थी. अपनी कंपनी की साइकिल को उन्होंने कई स्टार्स को गिफ्ट भी किया था और हर जगह उसका प्रचार करते भी दिखाई दे रहे थे.
मामला यहीं थमा नहीं. अपनी गलती मानने के बजाय सलमान के बॉडीगार्ड ने उस आदमी के खिलाफ भी मामला दर्ज करवा दिया है. आरोप ये है कि सलमान से परमिशन लिए बिना, वो आदमी उनकी वीडियो निकाल रहा था. वहीं वीडियो बनाने वाले शख्स का कहना है कि उसने सलमान के बॉडीगार्ड लोगों से इस बात की परमिशन ली थी.
सलमान खान अपने कई इंटरव्यूज़ में बता चुके हैं कि बिना परमिशन लिए फोटो खींचने वाले लोगों से बड़ी परेशानी और इरिटेशन होती है. लोग बिना समय और जगह देखे अपना फोन निकालकर उनके फेस पर कैमरा चालू कर देते हैं. सलमान खान का साइकिल चलाते हुए एक वीडियो खूब वायरल हुआ था, जिसमें वो शाहरुख खान के घर के सामने से फैन की तरह उनका नाम चिल्लाते हुए गुज़र रहे हैं. यहां देखिए वीडियो:
आज ही सलमान की अगली रिलीज़ 'भारत' का पहला गाना 'स्लो मोशन' लॉन्च किया गया है, जिसे यूट्यूब पर चार घंटे में 30 लाख से भी ज़्यादा बार देखा जा चुका है. सलमान वैसे तो कोर्ट-कचहरी के मामले काफी अनुभवी हो चुके हैं. जब उन पर हिरण मारने और लोगों को गाड़ी से कुचलने का आरोप आज तक साबित नहीं हो पाया, तो फोन छीनने के कंप्लेंट से उनका क्या ही होने वाला है. खैर, आने वाले दिनों में इस मामले में जो भी डेवलपमेंट होगी, हम फौरन आप तक पहुंचा देंगे. अगर आप मुंबई में रह रहे हैं, तो सतर्क रहिए. फुटपाथ, लैंड क्रूज़र, के अलावा अब भाई की साइकिल से दूरी बनाकर रखें. फिर भी गलती से सलमान पर नज़र पड़ जाए, तो फटाक से अपना फोन जेब में डाल लें.
वीडियो देखें: विवेक ओबेरॉय ने सलमान खान से एक सवाल पूछकर उन्हें छेड़ दिया है












