The Lallantop

तीन खानदानों और नौजवानों के बीच है ये चुनाव... जम्मू-कश्मीर में PM मोदी ने किसे सबसे ज्यादा सुनाया?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के डोडा में एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित किया. यहां उन्होंने राजनीतिक परिवारवाद, आतंकवाद समेत तमाम मुद्दों पर विपक्ष पर निशाना साधा.

Advertisement
post-main-image
डोडा की रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी (पीटीआई)

जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी चुनावी रैली को संबोधित करने शनिवार 14 सितंबर को डोडा पहुंचे. यहां चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर की राजनीति में परिवारवाद पर भी कटाक्ष किया. और आतंकवाद के मुद्दे पर बीजेपी सरकार की बीते 10 सालों की कोशिशों की सराहना करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर में आतंकवाद आज अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है. पीएम मोदी ने साथ ही ये भी एलान किया कि जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का काम भी भाजपा सरकार ही करेगी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

-जम्मू-कश्मीर का इस बार का विधानसभा चुनाव तीन खानदानों और जम्मू-कश्मीर के नौजवानों के बीच है.एक खानदान कांग्रेस का है, एक खानदान नेशनल कॉन्फ्रेंस का है, एक खानदान पीडीपी का है. ये तीनों खानदान जम्मू-कश्मीर को दशकों तक बर्बादी देने के जिम्मेदार हैं. इन तीन खानदानों ने यहां करप्शन को बढ़ावा दिया, जमीन कब्जा करने वाले गिरोहों को बढ़ावा दिया. इन तीन खानदानों ने यहां अलगाव और आतंकवाद के लिए जमीन तैयार की और इसका फायदा देश के दुश्मनों ने उठाया. 

-आप याद करिए वो समय जब दिन ढलते ही यहीं अघोषित कर्फ्यू लग जाता था. सारी दुकानदारी, सारा कामकाज ठप. हालत ये थे कि केंद्र सरकार के गृहमंत्री तक लाल चौक जाने से डरते थे. जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है. पिछले 10 साल में जम्मू-कश्मीर में जो बदलाव आया है, वो किसी सपने से कम नहीं है. जो पत्थर पहले पुलिस और फौज पर फेंकने के लिए उठते थे, उन पत्थरों से नया जम्मू-कश्मीर बन रहा है. 

Advertisement

-भाजपा एक ऐसी सरकार बनाने जा रही है, जो टेरर फ्री और टूरिस्ट के लिए स्वर्ग होगा. इसलिए हम नई पॉलिसी बना रहे हैं. अब यहां होटल, रेस्त्रां, ढाबे गुलजार हो रहे हैं. हर साल लाखों टूरिस्ट आ रहे हैं. यहां बड़े-बड़े होटल बनने लगे हैं. यहां टूरिज्म का और अधिक विस्तार हो, इसके लिए केंद्र सरकार यहां पर कनेक्टिविटी को भी मजबूत कर रही है. हम जम्मू-कश्मीर के अनछुए हिस्से को भी रेल से जोड़ रहे हैं.

-जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का काम भी भाजपा सरकार ही करेगी. 

-मैं सभी माताओं-बहनों से भी कहूंगा कि इन्होंने आप लोगों को भी धोखा दिया है. सभी मुस्लिम बेटियों को भी कहना चाहता हूं कि जब हमने तीन तलाक की बात की तो नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी और कांग्रेस ने इसका विरोध किया था. 

Advertisement

-आपके लिए जानना जरूरी है कि एनसी, पीडीपी और कांग्रेस आर्टिकल 370 को वापस लाना चाहते हैं. इसका मतलब होगा कि ये तीन खानदान मिलकर पहाड़ी समाज का आरक्षण फिर छीन लेंगे, वोटिंग का हक छीन लेंगे, 35ए वापस आया तो माताओं-बहनों के हकों पर पुरानी पाबंदी लग जाएगी.  

-कांग्रेस के झूठे वादों से आपको सावधान रहना है. कांग्रेस की सरकार का उदाहरण आप हिमाचल में देख सकते हैं. वहां वोट पाने के लिए उन्होंने पूरे राज्य को बर्बाद कर दिया. आज वहां हर कोई सड़क पर है. ये लोग जनता को मुसीबत में डालते हैं.

बता दें कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों में मतदान तीन चरणों में होंगे. पहले चरण के लिए मतदान 18 सितंबर, दूसरे चरण के लिए 25 सितंबर और अंतिम चरण के लिए 1 अक्टूबर को होगा. चुनाव परिणाम 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे.

वीडियो: हिमाचल: शिमला के बाद मंडी में भी मस्जिद को लेकर बवाल, प्रोटेस्ट के बीच डिप्टी कमिशनर ने क्या बयान दिया?

Advertisement