The Lallantop

न समझोगे तो मिट जाओगे ए हिंदोस्तान वालो: महबूबा की धारा 370 खत्म करने पर धमकी

फारूख अब्दुल्ला भी उसी सुर में बोले: करें, हम भी देखते हैं. देखता हूं फिर कौन इनका झंडा खड़ा करने के लिए तैयार होगा.

Advertisement
post-main-image
धारा 370 को लेकर महबूबा के साथ फारूख अब्दुल्ला ने भडकाऊ बयान दिए हैं.
जम्मू कश्मीर में धारा 370 को लेकर हमेशा से बवाल रहा है. भारतीय जनता पार्टी हमेशा से इसका विरोध करती आई है. वैसे अलग बात है कि कश्मीर का मसला सुलझाने के लिए उनकी सरकार ने कुछ खास नहीं किया है. अब पार्टी ने अपने मैनिफेस्टो में भी धारा 370 को जोड़ दिया है. वादा किया है कि अगर उनकी सरकार आ गई तो वो इसे हटाने की दिशा में काम करेंगे. मैनिफेस्टो में फिर से ये बाद जुड़ने के बाद बवाल और बढ़ गया है. जम्मू कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूख अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला भी कई बार इसके विरोध में बयान दे चुके हैं. फारूख अब्दुल्ला ने धारा 370 हटाने पर जो बयान दिया है वो भी भड़काने वाला है. उन्होंने कहा:
बाहर से लाएंगे, बसाएंगे. हम सोते रहेंगे? हम इसका मुकाबला करेंगे. 370 को कैसे खत्म करोगे? अल्लाह की कसम कहता हूं, अल्लाह को यही मंजूर होगा. हम इनसे आज़ाद हो जाएं. करें, हम भी देखते हैं. देखता हूं फिर कौन इनका झंडा खड़ा करने के लिए तैयार होगा.
पीडीपी नेता और जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती भी कई बार धारा 370 को लेकर बयान दे चुकी हैं. वो कई दफा खुले मंच से कह चुकी हैं कि 'भारत सरकार अगर इसे हटाने की कोशिश करती है तो कश्मीर से भारत का रिश्ता छूट जाएगा'.
फारूख और उमर अब्दुल्ला के साथ महबूबा मुफ्ती की लगातार बयानबाजी के बाद दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका डाली गई है. जिसमें मांग की गई है कि इन तीनों को चुनाव लड़ने से रोक दिया जाए. याचिकाकर्ता का कहना है:
इन नेताओं ने कई बार देशविरोधी बयान दिए हैं. इनके देशद्रोही और सांप्रदायिक बयान भारतीय संविधान के खिलाफ हैं. हाईकोर्ट और निर्वाचन आयोग को चाहिए कि इन्हें लोकसभा में प्रवेश करने से रोका जाए.
याचिकाकर्ता ने तीनों नेताओं के चुनाव लड़ने से रोकने के साथ इनकी पार्टी पर भी बैन लगाने की मांग की है. दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल होने के बाद मीडिया में खबर आई. धारा 370 को लेकर महबूबा मुफ्ती पहले से ही भड़की हुई थी. इस खबर ने आग में घी डालने का काम किया. उन्होंने एक चैनल की खबर को ट्वीट करते हुए लिखा:
अदालत में समय क्यों गंवाया जा रहा है. धारा 370 को समाप्त करने के लिए बीजेपी का इंतजार कीजिए. इसके समाप्त होते ही यह हमें चुनावों में भाग लेने से रोक देंगे. न समझोगे तो मिट जाओगे ए हिंदोस्तान वालो. तुम्हारी दास्तां तक न होगी दास्तानों में.
महबूबा मुफ्ती का भड़काऊ ट्वीट.
महबूबा मुफ्ती का भड़काऊ ट्वीट.
वकील संजीव कुमार की याचिका पर अब 10 अप्रैल को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हो सकती है. वैसे उमर अब्दुल्ला की एक और बात याद आ गई, वो 370 के खिलाफ तो बयान देते ही हैं हाल ही में उन्होंने रैली की दौरान जम्मू कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति की भी मांग कर चुके हैं.


Advertisement
Advertisement