‘मेरे दिमाग में कुछ आवाज़ें चल रही थीं, जो मुझसे कह रही थीं कि वॉशिंगटन डीसी जाओ और राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की हत्या कर दो.’ ये बातें वाइट हाउस के बाहर हथियार से भरे ट्रक के अंदर बैठे एक शख्स ने कही है. ट्रक में AR-15 राइफल, दो हैंडगन और गोला-बारूद मिला है. शख्स वेनेज़ुएला का रहने वाला है और उसकी उम्र 26 साल है. लेकिन उसने ऐसा क्यों कहा और उसके पास इतने हथियार कहां से आए? एक-एक कर समझते हैं.
ट्रंप को मारने पहुंचा वेनेजुएला का शख्स, वाइट हाउस के बाहर हथियारों से भरे ट्रक के साथ गिरफ्तार
5 नवंबर की रात अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अफसर रूटीन गश्त लगा रहे थे. तभी एक अफसर को एक पिकअप ट्रक पर शक हुआ. जब अफसर ने गाड़ी के अंदर बैठे शख्स से पूछा तब उसने बताया कि उसे राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को मारने का निर्देश दिया गया है.

5 नवंबर की रात जब एक अमेरिकी सीक्रेट सर्विस अफसर गश्त कर रहे थे तब उन्हें कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू के बाहर नीले रंग का पिकअप ट्रक Ford F-150 दिखा. ये जगह वाइट हाउस के बेहद करीब है. इसके बाद अफसर को कुछ शक हुआ. उन्होंने उस व्यक्ति से पूछा कि क्या वो ठीक है और क्या उसके पास कोई हथियार है?
अफसर ने आरोपी को कैसे पकड़ा?इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, DC सुपीरियर कोर्ट में दर्ज एक क्रिमिनल कंप्लेंट दर्ज की गई. इसके अनुसार, आरोपी रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस ने हथियारों के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में सिर हिलाया और उंगली से बंदूक जैसा इशारा किया. इसके बाद वो गाड़ी से बाहर निकला और गूगल ट्रांसलेट के ज़रिए जांचकर्ताओं से बात की.
शिकायत के मुताबिक, उसने अधिकारियों को बताया कि उसके पास बंदूक इसलिए थी क्योंकि किसी ने उसी बंदूक से उसे मारने की कोशिश की थी. लेकिन उसने वो बंदूक उनसे छीन ली थी. इसके बाद गाड़ी की तलाशी ली गई.
जांचकर्ताओं को तीन हथियार मिले. एक MAC-10 मशीन पिस्टल, एक ग्लॉक 43x पिस्टल और एक AR-15 राइफल. DHS (डिपार्टमेंट ऑफ़ होमलैंड सिक्योरिटी) के अनुसार, अधिकारियों को दर्जनों राउंड गोला-बारूद भी मिला.
DHS ने बताया कि रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते गैर-कानूनी तरीके से अमेरिका में घुसा था. उसे यूएस बॉर्डर पेट्रोल ने गिरफ्तार कर लिया था. फिर पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन प्रशासन ने उसे देश के भीतर रिहा कर दिया. US इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने उसके खिलाफ एक 'इमिग्रेशन डिटेनर' (हिरासत में रखने का आदेश) जारी किया है.
ये भी पढ़ें: डॉनल्ड ट्रंप इस नवंबर होने वाले मिड टर्म चुनाव हार रहे हैं? इस सर्वे ने सब बता दिया
ट्रंप को मारने आया था शख्स?जांच में पता चला कि उसके पास मिले पिकअप ट्रक की साउथ कैरोलिना में चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. DHS ने बताया कि गुआनिपा क्रिनोस ने अधिकारियों से कहा कि उसने अपने दिमाग में कुछ आवाज़ें सुनी थीं, जो उसे वाशिंगटन DC जाकर राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या करने का निर्देश दे रही थीं. हालांकि, इन आवाज़ों के बारे में कही गई ये बातें आपराधिक शिकायत के हलफनामे में शामिल नहीं हैं.
इस घटना के बाद से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के निदेशक शॉन करन ने कहा,
‘यह घटना उस बढ़ते खतरे वाले माहौल को दर्शाती है जिसमें हम काम करते हैं. बीते कुछ समय में वाइट हाउस के बाहर ऐसी घटनाएं बढ़ गई हैं.’
गुआनिपा क्रिनोस को यूएस मार्शल्स सर्विस ने हिरासत में ले लिया है. उन पर कई आरोप हैं, जिनमें बिना इजाजत के गाड़ी का इस्तेमाल करना, चोरी का सामान रखना, बिना लाइसेंस के पिस्तौल और राइफल रखना और हथियारों से जुड़े अन्य अपराध शामिल हैं.
वीडियो: US मिडटर्म चुनाव हारे ट्रंप, भारत पर क्या असर पड़ेगा?













