The Lallantop

पाकिस्तान की अंदरूनी ख़बरें देने वाले इस पत्रकार पर पाबंदी लग गई

आर्मी और सरकार में खलबलाहट है. डॉन को कुर्बानी का बकरा बनाया जा रहा है.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
'डॉन' तो गयो. यहां डॉन बॉलीवुड के शाहरुख खान या अमिताभ बच्चन नहीं. बल्कि पाकिस्तान के 'डॉन' न्यूज़पेपर की बात हो रही है. अखबार है खबर तो छापेगा ही बस चेप दी थी एक खबर अपने ख़ुफ़िया सूत्रों के हवाले से. ये सूत्र बड़े ही काम के और जंजाल वाले होते हैं. तो मियां जो खबर डॉन ने 6 अक्टूबर को चिपकाई उसमें पाकिस्तानी गवर्नमेंट की किरकिरी हो गई. या ये कहिये कि आतंक को सपोर्ट करने की पोल खोल दी थी डॉन ने. उसके बाद हुआ ये कि डॉन को देशद्रोही साबित किया जाने लगा था. ट्विटर पर ट्रेंड होने लगा था कि DawnIsaTraitor. अब डॉन को कुर्बानी का बकरा बनाया जा रहा है. ऐसा हम नहीं कह रहे डॉन खुद कह रहा है. और जिसने ये खबर लिखी थी उस पत्रकार पर तो देश से निकलने पर ही पाबंदी लगा दी गई है. ट्वीटर पर पत्रकार सायरिल अल्मिदा को देशद्रोही बताया जा रहा है. डॉन की लंका लगाने के लिए आर्मी चीफ राहिल शरीफ पहुंच गए नवाज शरीफ के घर. मीटिंग हुई. और फिर तय हुआ कि सरकार के खिलाफ खबर छापने वाले डॉन के जिम्मेदार लोगों पर सख्त से सख्त एक्शन लिया जाए. ऐसे खबर पढ़ने में मजा नहीं आ रहा होगा. पहले ये जान लो आखिर डॉन ने छापा क्या था. जिसपर नवाज शरीफ इत्ते कल्ला रहे हैं.
'डॉन अखबार' ने छह अक्टूबर को पहले पन्ने पर सूत्रों के हवाले से छापा कि नवाज शरीफ ने हाई लेवल की मीटिंग बुलाई और अपनी फौज को अच्छे से समझा दिया कि देखो, जो बैन हो रखे मिलिटैंट ग्रुप हैं, उनका साथ देना बंद कर दो. नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजरी की भी क्लास ली. कहा कि पठानकोट और 26/11 अटैक की जांच जल्दी से जल्दी पूरी कर दो. क्योंकि पाकिस्तान कथित आतंकवाद के समर्थन की वजह से इंटरनेशनल लेवल पर अलग थलग पड़ रहा है. और पूरी खबर पढ़नी है तो इस लिंक पर क्लिक कर लेना.

बाहर से धकियाए नवाज, घर में सबको गरियाएं नवाज

बस ये छापना हुआ पाकिस्तान सरकार और आर्मी बौखला गई. पहले तो बयान जारी हुआ कि ऐसी कोई मीटिंग नहीं हुई है. आआं ऊं करके बात टाली गई. लेकिन सोशल मीडिया पर जब ट्रेंड हुआ तो कुछ लोगों ने डॉन के साथ-साथ सरकार पर भी शक किया. उसका लिंक ये रहा पढ़ ही लेना.

मिलिए पाकिस्तान के देशद्रोही डॉन से

अब सरकार को अपनी इज्जत का फलूदा होने से बचाना था तो सोमवार को फिर मीटिग हुई, जिसमें नवाज शरीफ और राहिल शरीफ के अलावा फाइनेंस मिनिस्टर इशाक दार, होम मिनिस्टर निसार अली खान, पंजाब के सीएम शाहबाज शरीफ और डीजी आईएसआई लेफ्टिनेंट जनरल रिजवान अख्तर मौजूद रहे है. मीटिंग में कहा गया कि प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अटकलबाजी वाली रिपोर्टिंग, नेशनल सिक्योरिटी और देश के हितों को ताक पर रखने से परहेज करे. प्रधानमंत्री ने डॉन के खिलाफ सख्त एक्शन लिए जाने के आर्डर जारी कर दिए और खबर को अटकलबाजी बताया.

अब डॉन की भी सुन लो

डॉन कह रहा है कि ये डॉन रॉन्ग नहीं होता. क्योंकि उसने अपने रीडर से वादा किया हुआ है कि वो सिर्फ सच छापेगा और आजादी के साथ सबसे पहले आप तक पहुंचाएगा. प्रधानमंत्री के ऑफिस से तो स्टोरी को मनगढ़ंत बता दिया गया मगर डॉन ने इस खबर को छापने से पहले पूरी तरह से तस्दीक कर ली थी, वो भी उन लोगों से जो उस मीटिंग में शामिल हुए थे. अब बात ऐसी है कि गवर्नमेंट एक मुहिम के तहत अख़बार को कुर्बानी का बकरा बनाने की कोशिश कर रही है. तो सरकार ऐसा करने से परहेज करे. और उसे रिपोर्टिंग करने दे.

खबर लिखने वाले पर लगी पाबंदी

जिसने ये खबर लिखी थी उस पत्रकार पर तो पाबंदी लग गई है. मतलब वो देश से बाहर नहीं जा सकता है. ट्वीटर के जरिए सायरिल अल्मिदा ने इस बात की जानकारी दी. उनका नाम एग्जिट कंट्रोल लिस्ट में डाल दिया गया. ताकि वो पाकिस्तान से बाहर नहीं जा सकें. https://twitter.com/cyalm/status/785559786519666688?ref_src=twsrc%5Etfw हमारी तो चुटकी लेने वाली ये ही सलाह थी कि डॉन की बेबाकी को देखकर पाकिस्तान सरकार और आर्मी को चुप्पी साध लेने में ही भलाई थी, क्यों गढ़े मुर्दे उखाड़ रहे हैं मियां नवाज. डॉन पर एक्शन लेंगे तो वो भी सबूत पेश कर देगा अपने बचाव में. और फिर जिस पाकिस्तानी को आतंक के समर्थन वाली खबर का यकीन नहीं था उसे भी यकीन हो जाएगा.

ये भी पढ़ें

कश्मीर के लिए चिल्लाने वालों, पाकिस्तान में 4 औरतें मार दी गईं

पता चल गया, नवाज शरीफ को बुरहान वानी की याद इत्ता क्यों सता रही है

 

Advertisement
Advertisement