फिर किसी की मजाल नहीं होगी आपको कुछ कहने की. आपको लाइसेंस मिल जाएगा कि आप कुछ भी उल्टे-सीधे कारण खोज कर गुंडागर्दी की प्रदर्शनी लगा दो. इससे हीरो बनने का मौका तो मिलता ही है, साथ ही राजनीतिक दुकान चमकने की भी संभावना बढ़ जाती है. यूं ही थोड़े ही कहा था जॉर्ज बर्नार्ड शॉ ने, "पॉलिटिक्स गुंडों की आख़िरी पनाहगाह है."
सभ्यता-संस्कृति के नाम पर लफंगों का जमावड़ा
रणवीर सेना, श्रीराम सेना, महाराणा प्रताप संघ, राजपूत गौरव, संभाजी ब्रिगेड जैसे तमाम संगठन हैं, जो और कुछ नहीं बदमाशों का गिरोह है. इनका काम ही है धर्म, अस्मिता, गर्व और पता नहीं किस किस के नाम पर बवाल काटना. कभी वैलेंटाइन डे से इनको दिक्कत होती है, तो कभी किसी किताब से अरुचि. कभी कोई किसी और प्रांत के बाशिंदों की ठुकाई पर उतर आता है, तो कोई नए साल के जश्न से खफ़ा होकर जवान बच्चों को सड़कों पर मारने लगता है.इनके लिए समयकाल का बंधन भी कोई ख़ास मायने नहीं रखता. मुग़लों का बदला ये जुम्मन से ले सकते हैं और अंग्रेज़ों का भारतीय ईसाईयों से. ये बरसों पुरानी किसी बात बार आज बवाल काटने का ज़बरदस्त हुनर रखते हैं. गड़े मुर्दे उखाड़कर बवाल काटने में इनका कोई सानी नहीं.ताज़ा मामला पुणे का है जहां ऐसी ही एक घटना में गुंडई की नई उंचाइयां छुई है संभाजी ब्रिगेड में. उखाड़ा हुआ मुर्दा 100 साल से ज़्यादा पुराना है.
पुणे की घटना

संभाजी गार्डन, पुणे में इसी जगह थी गडकरी की प्रतिमा
संभाजी ब्रिगेड ने पुणे के संभाजी गार्डन में लगे राम गणेश गडकरी उर्फ़ गोविंदाग्रज की अर्ध-प्रतिमा उखाड़ र मुठा नदी में फेंक दी. वजह के खाते में उन्होंने बताया कि गडकरी की लिखी किताब 'राज-सन्यास' में संभाजी राजे को लेकर कोई अपमानजनक टिप्पणी है. दिलचस्प बात ये कि ये किताब तकरीबन सौ साल पहले लिखा गया प्ले है. संभाजी के शेर अब जागे हैं.
गोविंदाग्रज

राम गणेश गडकरी
राम गणेश गडकरी मराठी साहित्य में एक बेहद सम्मानित नाम है. कवि, नाटककार और व्यंगकार के रूप में उन्होंने मराठी साहित्य को बहुत कुछ दिया है. उन्होंने गोविंदाग्रज के नाम से कवितायें लिखी, अपने नाम से नाटक और 'बालकराम' के नाम से व्यंग लेख. 'एकच प्याला' (एक ही प्याला) नाम का उनका नाटक मराठी रंगमंच पर एक ख़ास इज्ज़त का मुकाम कब्जाए हुए है. अब तक अलग अलग कलाकारों ने हज़ारों बार इस नाटक को रंगमंच पर पेश किया है.
इसके अलावा 'पुण्य-प्रभाव', 'भाव-बंधन', 'प्रेम-सन्यास' जैसे नाटक और 150 से ज़्यादा कविताएं उनके लेखन का हाई-पॉइंट रही. मशहूर नाटककार विजय तेंडुलकर ने एक बार कहा था कि, "गडकरी कालिदास के बाद भारत के सर्वश्रेष्ठ नाटककार हैं."जिस राज-सन्यास नाटक को लेकर बवाल है उसमें शिवाजी महाराज और उनके पुत्र संभाजी के बीच का आपसी टकराव दर्शाया था गडकरी ने. संभाजी ब्रिगेड खफ़ा है कि इस नाटक में संभाजी की छवि ठीक नहीं दिखाई गई है. गौरतलब है कि ये नाटक गडकरी के अधूरे प्रोजेक्ट्स में से एक है. यानी इसे कभी रंगमंच का मुंह देखना नसीब नहीं हुआ.
लेकिन इन सब तथ्यों से उपद्रवियों का क्या वास्ता! उन्हें तो बस कोहराम मचाना है.
संभाजी ब्रिगेड उर्फ़ लफंगे @ इतिहासगिरी
ये पहली बार नहीं है जब संभाजी ब्रिगेड अपनी गुंडई के चलते चर्चा में है. इससे पहले भी उनके ऐसे कारनामे सामने आते रहे हैं.-
2004 में इन लोगों ने पुणे के 'भंडारकर ओरिएंटल रिसर्च इंस्टिट्यूट' में घुसकर तोड़-फोड़ की थी. बहाना था जेम्स लेन की किताब, शिवाजी: द हिंदू किंग इन इस्लामिक इंडिया. ब्रिगेड का कहना था कि इसमें शिवाजी महाराज और उनकी माताजी का अपमान किया गया है. फिर क्या था! घुस गए इंस्टिट्यूट में जहां के बच्चों ने जेम्स की रीसर्च में मदद की थी. जी भर के उत्पात मचाया. कई सारे ऐतिहासिक दस्तावेजों और कलाकृतियों को नष्ट किया. जैसे उनका ऐतिहासिक तौर पर कोई महत्व ना हो. वो देश की धरोहर न हों.
-
कुछ साल पहले पुणे के लाल-महल में घुस कर इन्होंने ऐसी ही हरकत की थी. वहां शिवाजी महाराज के गुरु दादोजी कोंडदेव की प्रतिमा लगी थी. ये लोग उसे भी हटाने की मांग कर रहे थे. इनका कहना था कि उनका नाम ब्राह्मणवादी इतिहासकारों ने खामखां मशहूर कर रखा है. इस मुद्दे पर ये लोग तत्कालीन मेयर के ऑफिस तक में घुस गए थे और तोड़-फोड़ की थी.
-
मूर्तियों से इनका बैर सिर्फ इंसानों तक ही सीमित हो ऐसा नहीं है. रायगढ़ में लगे एक कुत्ते के पुतले से भी इनकी भावनाएं भयंकर रूप से आहत होती रही है.रायगढ़ किले में एक 'वाघ्या' नाम के कुत्ते की प्रतिमा लगी है जिसके बारे में कहा जाता है कि वो शिवाजी महाराज का था. संभाजी ब्रिगेड के रणबांकुरों को इस बात से असहमति थी. और असहमति जताने का तोड़-फोड़ के अलावा और कोई तरीका उन्हें आता ही नहीं है. सो फिर पहुंच गए अपने प्यारे काम पर.

रायगढ़ में लगी 'वाघ्या' की प्रतिमा
ताज़ा घटना भले ही कितनी भी अतार्किक लग रही हो लेकिन है नहीं. बात दरअसल ये है कि आने वाले नगर-पालिका चुनावों में संभाजी ब्रिगेड हिस्सा लेने जा रही है.
तो चर्चा में आने का इससे आसान उपाय क्या होगा कि अस्मिता, इतिहास-पुरुषों का अपमान वगैरह वगैरह जैसे इमोशनल मुद्दे जबरन क्रिएट कर के 'टॉक ऑफ़ दी टाउन' बना जाए.आज़माया हुआ नुस्ख़ा जो है. उम्मीद करते हैं जनता इनकी नौटंकियों में नहीं फंसेगी.
https://www.youtube.com/watch?v=YEiAlDQXMsY
ये भी पढ़िए














