The Lallantop

हरयाणे के 'सेर' ने एक रुपया शगुन लेकर सगाई की

पहलवान योगेश्वर दत्त ने बताया कि बचपन से उनके दो सपने थे.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
हरियाणा का सोनीपत और सोनीपत का मुर्थल. दिन शनिवार. पहलवान योगेश्वर दत्त भयंकर बिजी. अरे भैया अपनी सगाई में भी आदमी बिजी नहीं रहेगा तो कब रहेगा. 20 टंटे रहते हैं. तो योगेश्वर ने एक रुपया शगुन लिया और सगाई हो गई. शादी 16 जनवरी को है. लड़की कौन है? खरखौदा में गांव है हुमायूंपुर. वहीं से जयभगवान शर्मा की दुलारी शीतल से हो रही है शादी. भगवान आढ़तिये हैं और कांग्रेस के नेता भी. पहलवान योगेश्वर 34 साल के हो गए हैं. और वो योगेश्वर हैं 'सुलतान' नहीं कि 50 साल का होने के बाद भी अपनी शादी को राष्ट्रीय सवाल बनाए रहें. योगेश्वर ने कहा कि "मैंने दहेज जुटाते परिवारों को बड़ा संघर्ष करते देखा है. मैंने इसीलिए बचपन से तय कर लिया था कि एक तो पहलवानी पर फोकस करूंगा. और शादी बिना दहेज के करूंगा. अपने लाभदायक बापू राममेहर दत्त और गुरू मास्टर सतबीर से वादा किया था कि आप जीते जी मुझे ये दोनों वादे पूरे करते देखोगे. पहलवानी तो जीत ली, अब शादी का नंबर है." योगेश्वर की अम्मा सुशीला देवी खुशी में ठनकी फिर रही हैं. भैये बहुरिया आ रही है घर में. ऐसे मौकों पर सास का रौला लोकल विधायक से कम नहीं होता. बच्चे की खुशी में अम्मा की खुशी होती है. मौके पर योगेश्वर की बलैयां लेने और बधाइयां देने के लिए प्रदेश के खेलमंत्री अनिल विज, कैबिनेट मंत्री कविता जैन, पहलवान सुशील कुमार, पहलवान बजरंग, नरसिंह यादव और इंटरनेशनल कोच अनूप दहिया जमे थे. शादी में आपका न्योता हो तो जाओ नहीं तो हमारी तरह यहीं से वर्चुअल बधाई प्रेषित करो वर वधू को.  

Advertisement
Advertisement