The Lallantop

UP में BJP का चुनावी मुद्दा, 'इस्लामाबाद में फहरा देंगे तिरंगा'

सेना के सर्जिकल स्ट्राइक को उत्तर प्रदेश में भुनाएगी बीजेपी. नरेंद्र मोदी दशहरा पर रावण फूकेंगे.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
'सर्जिकल स्ट्राइक पर बेकार की बयानबाजी और छाती पीटने से बचिए. जिन्हें अधिकृत किया गया है, सिर्फ वही बोलें.' खबर आई थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रियों और बीजेपी पदाधिकारियों से ये बात कही थी. जब सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर विपक्षी खेमे से कुछ सवाल आए तो बीजेपी ने तुरंत कहा कि इस मुद्दे पर कोई 'राजनीति नहीं होनी चाहिए'. लेकिन राजनीति खुलकर हो रही है.  गुरुवार को बीजेपी नेता इस बात को खारिज करते नजर आए कि प्रधानमंत्री ने उन्हें ऐसी कोई नसीहत दी थी. 'बिजनेस स्टैंडर्ड' से बातचीत में एक बीजेपी नेता ने कहा, 'प्रधानमंत्री का सिर्फ ये मकसद था कि हम अपने बयानों को लेकर जिम्मेदार रहें. उनका ये संदेश विनय कटियार और साक्षी महाराज के बयानों के लिए था जो भारत-पाक तनाव पर हिंदू-मुस्लिम वाली टिप्पणियां कर गए थे.'
इस तरह बीजेपी ने साफ कर दिया है कि सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल या शक की विपक्षी राजनीति उसे बर्दाश्त नहीं.  लेकिन सेना के ऑपरेशन का श्रेय लूटने की राजनीति से उसे गुरेज नहीं है.
098 बीजेपी नेताओं ने कई प्रदेशों में बैनर और होर्डिंग लगाकर अपने आलाकमान को बधाई दी है. वे तस्वीरें आपने देखी ही होंगी. लेकिन अब रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर और गृह मंत्री राजनाथ सिंह के सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं. बंबई में नहीं. कोलकाता, मद्रास, हिमाचल, हरियाणा में नहीं. उत्तर प्रदेश में, जहां अगले साल बड़ा सियासी समर होना है. गुरुवार को मनोहर पर्रिकर का आगरा और लखनऊ में सम्मान किया गया. इस दौरान एलओसी पार सर्जिकल स्ट्राइक पर पार्टी ने अपनी पीठ ठोंकी और प्रचारित किया कि यह बीजेपी के ठोस रवैये के चलते ही संभव हो पाया है.
'द इंडियन एक्सप्रेस' के मुताबिक, पर्रिकर ने कहा कि मंत्री पद की मर्यादा के चलते मैं ऑपरेशन के बारे में ज्यादा नहीं बता सकता. लेकिन उनके भाजपाई सहकर्मियों ने उनके सामने 'वीर रस कवि' के अंदाज़ में इस्लामाबाद तक तिरंगा फहराने की धमकियां प्रेषित कीं. उनमें से एक ने यहां तक कह दिया कि अगर भारत को 'परमाणु हमले' की धमकी दी गई तो हम एटम बम फेंक देंगे.
लखनऊ में हुए कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश यूनिट चीफ केशव प्रसाद मौर्य समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे. अमित शाह ने लक्ष्मीकांत वाजपेयी को हटाकर पिछड़ा वर्ग से आने वाले केशव प्रसाद मौर्य को कुछ महीने पहले ही ये जिम्मेदारी दी है. लखनवी पक्षी जानते हैं कि इस वक्त उन पर परफॉर्म करने का दबाव है.
मौर्य ने पर्रिकर को 'सीधा आदमी' बताया. पर्रिकर ने इससे सहमति जताते हुए कहा, 'लेकिन देश की सुरक्षा की बात आए तो मैं 'टेढ़ा' भी बन सकता हूं.'
उत्तर प्रदेश में अगले साल चुनाव होने हैं. बीजेपी समझती है कि सर्जिकल स्ट्राइक का फायदा उसे चुनाव में मिलेगा. इस फायदे के विस्तार के लिए उसने अपनी ओर से इसके प्रचार का काम भी शुरू कर दिया है. बीजेपी का प्लान यूपी में पाकिस्तान विरोधी और राष्ट्रवादी माहौल को जिलाए रखना है. प्रदेश में कई कार्यक्रमों की तैयारी चल रही है, जिसमें अध्यक्ष अमित शाह और गृह मंत्री राजनाथ सिंह समेत बड़े नेता मौजूद रहेंगे. इन जनसभाओं में एलओसी के पार सेना की कार्रवाई पर फोकस रहेगा.
11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री लखनऊ में जाकर रावण दहन करेंगे. आम तौर पर, भारत के प्रधानमंत्री दिल्ली में रावण दहन करते हैं.
लखनऊ में गुरुवार को पर्रिकर को माला पहनाने वालों की भारी भीड़ जुटी और 'मनोहर पर्रिकर' जिंदाबाद के नारे लगे. पर्रिकर ने कहा कि देश की सेना हमेशा से सक्षम थी, लेकिन इससे पहले की सरकारों में राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी थी. नरेंद्र मोदी की सरकार ने यह करके दिखा दिया है.
प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री तीनों उत्तर प्रदेश से चुने गए हैं, ये याद दिलाते हुए प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'पाकिस्तान अपने तौर-तरीके सुधार ले, वरना इस्लामाबाद में तिरंगे के लिए तैयार रहे. 125 करोड़ की जनता को भारत की सेना पर पूरा विश्वास है और पाकिस्तान को बताना चाहते हैं कि जो तिरंगा कश्मीर और दिल्ली में फहर रहा है, अगर पाकिस्तान अपनी हरकत से बाज़ नहीं आया तो हमारी सेना ये तिरंगा इस्लामाबाद में भी फहरा देगी.'
giphy1 ये संवाद कुछ लोगों के रौंगटे खड़े करने के लिए पर्याप्त होगी, तथापि इसकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी है. आजादी के बाद से संघ के मुखपत्र और वीर रस की कविताओं में इस्लामाबाद पर फहरते तिरंगे का चित्रण अनगिन बार किया जा चुका है. ये 'पर्टिक्युलर डायलॉग' ज़रा बोरिंग हो गया है. बीजेपी को ये बात अब नए शब्दों में कहनी चाहिए. आगरा वाले कार्यक्रम में चेतावनियों में खास रचनात्मकता नहीं दिखी. बीजेपी विधायक केशव मेहरा ने कहा, 'पाकिस्तान बार बार परमाणु हमले की धमकी देता है. अगर हमने एटम बम चला दिया तो उसका भूगोल से नामो-निशान मिट जाएगा.' पार्टी के ओबीसी मोर्चा प्रेसिडेंट एसपी सिंह बघेल ने जरूर कोशिश की. उन्होंने कहा, 'तुमने पहले चूमा. फिर चाटा. फिर काटा. तुमसे अच्छे तो कुत्ते हैं जो जिसे चाटते हैं, उसे काटते हैं.'
आगरा के लोकल बीजेपी नेता अश्विनी वशिष्ठ ने अपने वरिष्ठों की मौजूदगी में दिलचस्प दावा किया, जिसे किसी ने काउंटर नहीं किया. उन्होंने कहा, 'सर्जिकल स्ट्राइक में उस पार 200 से ज्यादा लोग मारे गए. अब अगर पाकिस्तान ने हमला किया तो उसका नामो-निशान मिटा देंगे.'
सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वालों के लिए पर्रिकर ने कहा, 'आज तक किसी ने हमारी सेना की बहादुरी पर शक नहीं किया. लेकिन पहली बार लोग सवाल उठा रहे हैं. एक रेस चल रही है. इसकी वजह है. कुछ लोग डरे हुए हैं कि इससे मोदी जी की छवि और अच्छी हो जाएगी.' पर्रिकर ने मीडिया को धन्यवाद करते हुए एक और अंडरलाइन करने वाली बात कही. उन्होंने कहा, 'हमें किसी को सबूत देने की जरूरत नहीं है. मीडिया सब दिखा रहा है.'

Advertisement
Advertisement