The Lallantop

इस ऐड ने दिवाली के हर स्लो मोशन वाले सेंटी पारिवारिक ऐड की खिल्ली उड़ा दी

इस वीडियो में दाढ़ी वाला एक आदमी नजर आ रहा है, उसे आप जानते ही होंगे.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
तो दीपावली आते ही मैं हीनभावना से ग्रस्त हो जाता हूं कि क्रीम कलर की शेरवानी पहनकर छुरछुरी काहे न छुडा रहा हूं. होली आते ही उदास होता हूं कि पीला वाला गुलाल हमको कोई काहे नहीं लगाता. वो भी पीछे से. रक्षाबंधन पर बहनों को चॉकलेट का डिब्बा भी नहीं दिया था. उनने राखी भी बांध दी थी, पर जाने दिल से भाई मानती हैं या नहीं? ऐसे ही ईद पर होता है, किसी पड़ोसी का रोज़ा खुलाने का काम नहीं करता. कोई पड़ोसी गंगा-जमनी तहजीब टाइप्स इमोशनल होकर मेरी आंखों में नहीं देखता. क्रिसमस में कोई संता हो हो हो कर मेरी ज़िंदगी में खुशियां नहीं घोलता. और ऐसा मेरे साथ क्यों होता है? क्योंकि मैं उस टाइम वायरल  हो रखे वीडियो बहुत देखता हूं. ये वीडियो अमूमन ऐड होते हैं.

स्लो मोशन में दिखा दी गई हर चीज इमोशनल होती है. इसी पंक्ति को आधार बना त्यौहारों के समय ढेरों वीडियो बनते हैं. इमोशनल चीजें दबाकर शेयर की जाती हैं और जाहिर है बाजार गुणे के भाव में फैलता है. हर इमोशनल वीडियो एक आइडिया होता है और सेंटी हुआ पड़ा आदमी एक कस्टमर. इसी इमोशन में लपेटकर मोबाइल भी बेच दिए जाते हैं जैसे देशभक्ति में डुबाकर मोटरसाइकिलें बेची जा रही हैं. बाजार अपना काम बहुत सलीके से करता है. बातें बुरी लगें तो ठीक इसी वक़्त के ट्विटर ट्रेंड चेक कीजिए. DEEWAALEE तो इसी सब की खिल्ली उड़ाता एक विज्ञापन आया है. जो तमाम ऐसे त्यौहारछाप घिसे-पिटे अतिइमोशनल विज्ञापनों की खिल्ली उड़ाता है. ये वीडियो दिखाता है कैसे दिवाली पर सारा परिवार स्लो मोशन में पास आता है (Crie!!!) देवदूत सरीखे बच्चे दिखाए जाते हैं. जो आपका दिल पिघलाकर बहा दें और हो सकता है घर का कमरा जला दें. पकी मूछों वाले रितायर्ड आईएएस टाइप बाबा जी होते हैं. जिनको देख आपका करेजा श्रद्धा में झुक जाए और गोड़ ले परने का जी करे. फिर वो पति भी जो बीवी को सरप्राइज दे. और आप आश्चर्य में बूड़ जाइए क्योंकि आपको पता है उसमें सोने का कुछ होगा. सन 95 के बीमा विज्ञापन जैसा पियानो बजेगा और आप अति सेंटी हो पड़ेंगे. इतने में दाढ़ी वाला आदमी आकर आपकी बेइज्जती कर देगा. दर्शक-पाठक इस दाढ़ी वाले को जानते हैं. शेष हम न कहेंगे वीडियो देखें. https://twitter.com/NetflixIndia/status/791209683700678656 कैसा लगा वीडियो. याद रखिए अच्छा लगा हो तो इनका भी विज्ञापन ही हुआ है. ये काउंटर वाला इमोशन है. बाजार अपना काम बहुत सलीके से करता है.

Advertisement
Advertisement