The Lallantop

यूपी के मंत्रीजी की SUV ने ठेला लगाने वाले को कुचल दिया

आज के क़त्ल: मौके पर आदमी की मौत हो गई.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop

1.

दिल्ली में 17 साल के एक लड़के को 19 साल की एक शादीशुदा लड़की से प्यार था. शादी के पहले से ही. वो लड़की की शादी में भी आया था. और लड़की के ससुराल वाले समझते थे कि वो लड़की का कजिन है. एक दिन लड़की अपने पति के साथ बाइक पर मायके आई. दोनों वापसी के लिए घर से विदा लेकर निकले. रुखसत होते ही लड़की के मां-बाप को बाहर से शोर आता सुनाई पड़ा. दोनों बाहर भागे तो देखा पति ज़मीन पर पड़ा कराह रहा है. और लड़की बाइक के नीचे दबी चीख रही है. 17 साल के प्रेमी ने लड़की के पति पर 3 बार वार किया था. यानी 3 बार चाकू घोंप कर उसकी जान ले ली थी. मौके से तो वो भाग गया था. लेकिन उसके बाद पकड़ा गया. लड़की बताती है कि पहले वो उस लड़के से प्रेम करती थी. रिलेशनशिप में थी. फिर उसकी शादी तय हुई और उसने पिछला रिश्ता तोड़ दिया. पर लड़का नहीं माना. ये 'पजेसिवनेस', रिजेक्शन झेल पाने की अक्षमता अगर न हो, तो इश्क के नाम पर किए गए बहुत से गुनाह शायद न हुए होते. लड़के ने गोली चलाने के पहले कहा था, 'तुम सिर्फ मेरी हो.'

2.

सड़क के किनारे छोटी-मोटी चीजें बेचने वाला मदन रात को काम कर अपने घर लौट रहा था. उम्र महज 36 साल थी. ऐसी उम्र जिसमें लोग अपने बच्चों को बड़ा होते देख रहे होते हैं, मदन को सड़क चलते हुए एक गाड़ी ने कुचल दिया. गाड़ी यूपी के रूरल डेवलपमेंट के स्टेट मिनिस्टर ओमकार सिंह यादव की थी. बड़ी सी SUV. ड्राइवर पकड़ा गया है. गाड़ी से शराब की बोतल मिली है. प्रशासन ने मदन के परिवार को 5 लाख का मुआवजा देने का वादा किया है. मगर किसी की जान कैसे वापस आएगी?

3.

55 साल का मुन्ना दिल्ली में गार्ड का काम करता था. रात को काम से घर लौटते हुए एक डीटीसी बस ने उसे कुचल दिया. बस सर के ऊपर से चढ़कर निकल गई. मुन्ना की मौत हो गई. ये सब कुछ दिल्ली गेट की रेड लाइट के पास हुआ. बस का ड्राइवर इंद्रजीत गिरफ्तार हो चुका है. लेकिन उसके पहले उसके हाथों एक बूढ़े गार्ड की जान जा चुकी है.

4.

सोमपाल दिल्ली में रेहड़ी लगाता है. उसके ऊपर 3 चोरियों के केस दर्ज थे. जब उसपर चौथी बार चोरी का मामला दर्ज हुआ, उसे आदर्श नगर पुलिस थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया. मामला चप्पल चोरी का था. सोमपाल को पुलिस ने बातचीत के बाद पीटा. सोमपाल जाने बेहाल था या दुखी, वो फर्स्ट फ्लोर से नीचे कूद गया. मौत हो गई. जरूर पीटने की चोट इतनी ज्यादा होगी. वरना फर्स्ट फ्लोर से कूदकर किसी की जान नहीं जाती. और जाती भी, तो पुलिस हिरासत में सुसाइड क़त्ल होता है. उस वक़्त थाने में SHO नहीं थे. जब SHO साहब आए, पूरी कहानी जानकार पुलिस वालों की बेरहमी के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया. बल्कि उसकी डेड बॉडी को ठिकाने लगाने में लग गए. उसे पुलिस की गाड़ी में भरकर दूर एक पार्क में फेंक आए. सबूत मिटाने के लिए गाड़ी धो दी गई. फिलहाल मामले की जांच चल रही है. फाइलें इधर से उधर खिसक रही होंगी. चार लोगों को घूस खिलाई जाएगी. एक सिंगल कॉलम रिपोर्ट छपेगी अखबार के सबसे छोटे कोने में. और इस तरह एक गरीब को मर कर भी न्याय नहीं मिलेगा.

Advertisement
Advertisement